‘रामायण’ में शूर्पणखा का किरदार निभाने के लिए क्यों तैयार हुईं रकुल प्रीत सिंह? बताया खास कारणBy IANS Thu, 27 August 2026 02:20 PM

Photo: IANS

अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह इन दिनों अपनी आगामी पौराणिक फिल्म ‘रामायण’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म में वह रावण की बहन शूर्पणखा की भूमिका निभा रही हैं। रकुल ने बताया कि आखिर ऐसा क्या था जिसने उन्हें इस किरदार को स्वीकार करने के लिए प्रेरित किया।

अभिनेत्री के मुताबिक, शूर्पणखा को अब तक जिस तरह एक नकारात्मक किरदार के रूप में देखा जाता रहा है, फिल्म में उन्हें उससे आगे बढ़कर समझने और पेश करने का मौका मिला है। रकुल का मानना है कि किसी भी किरदार की कई परतों को तलाशना एक कलाकार के लिए दिलचस्प अनुभव होता है।

अपने किरदार के बारे में बात करते हुए रकुल ने कहा, “हर कुछ वर्षों में इन किरदारों की अलग व्याख्या और प्रस्तुति देखने को मिलती है, लेकिन उनकी मूल भावना मूल ग्रंथ से जुड़ी रहती है। एक कलाकार के तौर पर आप किरदार को इसी नजरिए से देखते हैं कि उसमें कितनी परतें हैं और वह पूरी फिल्म में किस तरह अपनी पहचान बना सकता है।”

उन्होंने कहा कि शूर्पणखा के व्यक्तित्व में भी कई अलग-अलग पहलू हैं। रकुल के अनुसार, वह लंका की सबसे खूबसूरत महिलाओं में से एक बताई गई थी और उसके भीतर अहंकार भी था, लेकिन उसका चरित्र केवल इतना भर नहीं था।

रकुल ने कहा, “एक कलाकार के लिए उन परतों को तलाशना काफी दिलचस्प होता है।”

अभिनेत्री ने बताया कि फिल्म की स्क्रिप्ट पढ़ने के दौरान उन्हें शूर्पणखा के जीवन के कई ऐसे पहलुओं के बारे में पता चला, जिनसे वह पहले परिचित नहीं थीं। खास तौर पर लक्ष्मण द्वारा उसकी नाक काटे जाने वाली घटना से पहले और उसके बाद के जीवन को कहानी में अलग नजरिए से दिखाया गया है।

रकुल ने कहा, “उसके बारे में ऐसी बहुत सी बातें थीं, जिन्हें मैं नहीं जानती थी। जब मैंने स्क्रिप्ट पढ़ी तो उसके जीवन के उस घटना से पहले और बाद के कई हिस्सों के बारे में पता चला, जब लक्ष्मण उसकी नाक काट देते हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि शूर्पणखा की जिंदगी में उस घटना के अलावा भी काफी कुछ है। राम से उसकी मुलाकात कैसे होती है और वह किस तरह राम के सामने आती है, कहानी में इन पहलुओं को भी विस्तार से दिखाया गया है। रकुल के मुताबिक, यही चीजें उनके लिए नई थीं और इन्हीं वजहों से उन्हें यह भूमिका पसंद आई।

‘रामायण’ में रकुल के साथ रणबीर कपूर, साई पल्लवी, रवि दुबे, यश और सनी देओल भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्सुकता है, खासकर इसलिए क्योंकि यह भारतीय महाकाव्य की कहानी को बड़े सिनेमाई स्तर पर प्रस्तुत करने वाली महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में शामिल है।

‘रामायण: पार्ट 1’ 6 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

 

ADVERTISEMENT
Advertisement