फिल्म में बंगाली संस्कृति को जीने का मौका मिला, ‘सिंह वर्सेज कौर 2’ में अपने किरदार पर बोलीं शहनाज गिलBy IANS Thu, 03 September 2026 11:38 AM

Photo: IANS

अभिनेत्री शहनाज गिल इन दिनों अपनी आगामी पंजाबी फिल्म ‘सिंह वर्सेज कौर 2’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म में वह जसनीत कौर का किरदार निभा रही हैं, जिसकी पृष्ठभूमि बंगाली है। शहनाज का कहना है कि इस किरदार के जरिए उन्हें एक अलग संस्कृति, भाषा और जीवनशैली को करीब से समझने और पर्दे पर जीने का मौका मिला।

आईएएनएस से खास बातचीत में शहनाज ने बताया कि जसनीत का किरदार उनके लिए काफी दिलचस्प और चुनौतीपूर्ण था। फिल्म की कहानी पंजाब, कोलकाता और कनाडा के बीच घूमती है, ऐसे में इसमें अलग-अलग संस्कृतियों का रंग देखने को मिलेगा।

अपने अनुभव को साझा करते हुए शहनाज ने कहा कि उन्हें बंगाली संस्कृति में रहकर किरदार निभाने में काफी आनंद आया। उन्होंने उम्मीद जताई कि दर्शकों को भी फिल्म में कोलकाता को जिस खूबसूरती से दिखाया गया है, वह पसंद आएगा।

शहनाज ने कहा कि यह किरदार निभाना उनके लिए बेहद मजेदार अनुभव रहा और उन्हें उस संस्कृति का हिस्सा बनने में काफी आनंद आया। उन्होंने दर्शकों से 11 सितंबर को फिल्म देखने के बाद यह बताने को भी कहा कि उन्हें उनका किरदार कितना पसंद आया।

‘सिंह वर्सेज कौर 2’ इसी नाम की लोकप्रिय फिल्म फ्रेंचाइजी की दूसरी कड़ी है। ऐसे में फिल्म की तुलना पहली फिल्म से होने की संभावना भी है। हालांकि, शहनाज का कहना है कि उन्हें इस तरह की तुलना को लेकर कोई दबाव महसूस नहीं होता।

उन्होंने स्पष्ट किया कि पहली फिल्म में जसमीट नाम का किरदार अलग था, जबकि इस बार वह जसनीत कौर की भूमिका निभा रही हैं। उनके मुताबिक, दोनों किरदारों में अंतर है और दर्शकों को भी फिल्म देखने के बाद यह बात स्पष्ट रूप से समझ आएगी।

शहनाज ने कहा कि दर्शकों के मन में पहली फिल्म के कुछ किरदारों और घटनाओं की छाप जरूर होगी, लेकिन उन्हें पूरा विश्वास है कि जब लोग उन्हें नए किरदार में देखेंगे तो वे भी उनसे जुड़ाव महसूस करेंगे।

नवनीत सिंह के निर्देशन में बनी ‘सिंह वर्सेज कौर 2’ में गिप्पी ग्रेवाल और शहनाज गिल मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म पंजाब के हास्य और मनोरंजन से जुड़े अंदाज को एक नए परिवेश और कहानी के साथ आगे बढ़ाती नजर आएगी।

फिल्म 11 सितंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है। शहनाज के लिए यह फिल्म इसलिए भी खास है क्योंकि इसमें उन्हें अपनी अब तक की भूमिकाओं से अलग सांस्कृतिक पृष्ठभूमि वाले किरदार को निभाने का अवसर मिला है।