
Photo: IANS
अभिनेत्री अनुष्का कौशिक इस जन्माष्टमी पर दही हांडी समारोह के दौरान दिग्गज गायक-संगीतकार बप्पी लाहिड़ी को विशेष संगीतमय श्रद्धांजलि देने के लिए तैयार हैं। वह इस मौके पर रेट्रो दौर की यादें ताजा करती नजर आएंगी।
करीब 2,000 लोगों की मौजूदगी में होने वाले इस विशेष कार्यक्रम में अनुष्का अपने सह-कलाकार अभिजीत नलावड़े के साथ बप्पी लाहिड़ी के लोकप्रिय गीत ‘कैसी है ये शाम आज की’ पर प्रस्तुति देंगी। कार्यक्रम में हिंदी फिल्म संगीत के स्वर्णिम दौर की झलक देखने को मिलेगी।
अपनी प्रस्तुति को लेकर अनुष्का ने कहा, "बप्पी दा का संगीत हम सभी के दिलों में बहुत खास जगह रखता है। उनके गीत सिर्फ संगीत नहीं थे, बल्कि हममें से कई लोगों की यादों का हिस्सा बन गए।"
उन्होंने कहा, "उनके गीतों के जरिए उन्हें श्रद्धांजलि देना मेरे लिए बेहद सम्मान की बात है। मैं मंच पर रेट्रो दौर की ऊर्जा, रंग और भावना लेकर आना चाहती हूं और उम्मीद है कि लोग मेरे साथ उनके गीतों को गाएंगे और उनके संगीत का जश्न मनाएंगे। इतने बड़े दर्शक वर्ग के सामने प्रस्तुति देना इसे और भी खास बनाता है।"
‘कैसी है ये शाम आज की’ पर अनुष्का और अभिजीत की प्रस्तुति दही हांडी समारोह में रेट्रो रंग भरने के साथ-साथ उनकी आगामी फिल्म ‘द मशरूम्स’ के संगीत की भी झलक पेश करेगी।
लासाकी मीडियावर्क्स द्वारा प्रस्तुत और सृजा बरुआ नलावड़े के निर्देशन में बनी इस फिल्म के गीतों के लॉन्च की तैयारी चल रही है। अनुष्का और अभिजीत की यह प्रस्तुति फिल्म के संगीत को दर्शकों के सामने पेश करने से पहले एक खास झलक के रूप में भी देखी जा रही है।
बप्पी लाहिड़ी को प्रशंसक प्यार से ‘बप्पी दा’ और ‘डिस्को किंग’ के नाम से जानते थे। उन्होंने भारतीय सिनेमा में डिस्को संगीत को लोकप्रिय बनाने में अहम भूमिका निभाई और अपने करियर में कई यादगार गीत दिए। ‘जिम्मी जिम्मी आजा’, ‘आई एम ए डिस्को डांसर’, ‘पग घुंघरू बांध’, ‘यार बिना चैन कहां रे’, ‘इंतहा हो गई इंतजार की’, ‘चलते चलते’ और ‘तम्मा तम्मा लोगे’ उनके चर्चित गीतों में शामिल हैं।
बप्पी लाहिड़ी का 15 फरवरी 2022 को मुंबई में 69 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था। वह ऑब्सट्रक्टिव स्लीप एपनिया और बार-बार होने वाले सीने के संक्रमण से पीड़ित थे।