
Photo: IANS
टेलीविजन अभिनेत्री माही विज ने स्पष्ट किया है कि ‘बिग बॉस 20’ में शामिल होने के लिए उन्होंने अपना पिछला शो ‘सेहर होने को है’ नहीं छोड़ा था। उन्होंने बताया कि वह जनवरी में ही शो छोड़ने का फैसला कर चुकी थीं, जबकि ‘बिग बॉस’ का प्रस्ताव उन्हें काफी बाद में मिला।
माही ने आईएएनएस से कहा कि उन्होंने पिछला शो काफी पहले छोड़ने का फैसला कर लिया था और ‘बिग बॉस’ का प्रस्ताव उन्हें करीब 20 दिन पहले मिला। हालांकि, वह अपने पुराने शो से भावनात्मक रूप से जुड़ी थीं और खुद भी उसे छोड़ने के लिए मानसिक रूप से तैयार नहीं थीं। उन्होंने कहा कि शो छोड़ने का फैसला अचानक नहीं था और इसका ‘बिग बॉस’ में आने से कोई संबंध नहीं है।
‘बिग बॉस’ में शामिल होने के फैसले के बारे में माही ने कहा कि जीवन में कुछ नया आजमाते रहना चाहिए। उनके मुताबिक, इस शो में शामिल होने की चर्चा हर साल होती थी, लेकिन इस बार उन्हें लगा कि यह सही समय है।
अपने व्यक्तित्व के बारे में अभिनेत्री ने कहा कि वह दिल की अच्छी और बेहद प्यार करने वाली इंसान हैं, लेकिन उनका गुस्सा भी तेज है। उन्होंने कहा कि वह लोगों से बेवजह विवाद नहीं चाहतीं, हालांकि शो के माहौल में दर्शकों को उनके व्यक्तित्व का एक अलग पहलू भी देखने को मिल सकता है।
‘बिग बॉस’ को कलाकारों के करियर को नई पहचान देने वाला मंच माना जाता है। इस पर माही ने कहा कि अभिनय करियर को आगे बढ़ाने के लिए उनके पास दूसरे विकल्प भी थे, लेकिन यह शो निश्चित रूप से लोगों की पहचान बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने कहा कि ‘बिग बॉस’ ने कई ऐसे लोगों को लोकप्रियता दी, जिन्हें पहले बहुत कम लोग जानते थे। उनके अनुसार, शो में आने के बाद प्रतिभागियों की सार्वजनिक पहचान में बड़ा बदलाव देखने को मिलता है।