ऋतिक-सबा की पांचवीं सालगिरह पर सुजैन खान ने लुटाया प्यार, बोलीं- सो स्वीटBy IANS Thu, 01 October 2026 04:02 PM

Photo: IANS

बॉलीवुड अभिनेता ऋतिक रोशन और अभिनेत्री सबा आजाद के रिश्ते को पांच साल पूरे हो गए हैं। इस खास मौके पर दोनों ने सोशल मीडिया पर कुछ रोमांटिक तस्वीरें साझा कर एक-दूसरे के लिए प्यार जाहिर किया। खास बात यह रही कि ऋतिक की पूर्व पत्नी सुजैन खान ने भी इस पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए दोनों को बधाई दी।

ऋतिक और सबा ने गुरुवार को अपने रिश्ते के पांच साल पूरे होने का जश्न मनाते हुए एक संयुक्त पोस्ट साझा की। इसमें पिछले कुछ वर्षों के दौरान साथ बिताए गए पलों की कई तस्वीरें शामिल थीं। पोस्ट के कैप्शन में दोनों ने लिखा, "हमारी सालगिरह। हैप्पी 5th माय लव।"

इस पोस्ट पर सुजैन खान ने दिल वाले इमोजी के साथ कमेंट किया, "सो स्वीट! हैप्पी एनिवर्सरी।" सुजैन की इस प्यारी प्रतिक्रिया ने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींचा। वहीं, ऋतिक की मां पिंकी रोशन ने भी दोनों को बधाई देते हुए लिखा, "हैप्पी बर्थडे", जिसके साथ उन्होंने गुब्बारों वाले इमोजी साझा किए।

ऋतिक और सबा की पोस्ट में शामिल तस्वीरों में दोनों की रोमांटिक केमिस्ट्री देखने को मिली। एक तस्वीर में दोनों समुद्र किनारे सूर्यास्त के खूबसूरत नजारे के सामने खड़े नजर आए। सुनहरी रोशनी और समुद्र के बीच उनकी परछाइयों ने इस तस्वीर को खास बना दिया। वहीं, एक अन्य तस्वीर में दोनों विमान के अंदर सेल्फी लेते दिखाई दिए। इस दौरान दोनों ने सर्दियों के कपड़े और एविएशन स्टाइल हेडसेट पहन रखे थे।

ऋतिक रोशन और सुजैन खान की शादी 20 दिसंबर 2000 को हुई थी। दोनों ने कई वर्षों तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद शादी की थी। उनके दो बेटे हैं, रेहान और ऋदान। करीब 13 साल के वैवाहिक जीवन के बाद दोनों ने 2013 में अलग होने का फैसला किया। नवंबर 2014 में उनका तलाक हो गया। हालांकि, अलग होने के बाद भी दोनों अपने बच्चों की परवरिश और पारिवारिक मौकों पर साथ नजर आते रहे हैं।

सुजैन से अलग होने के बाद ऋतिक की जिंदगी में सबा आजाद की एंट्री हुई। दोनों ने करण जौहर के 50वें जन्मदिन समारोह में एक साथ पहुंचकर पहली बार सार्वजनिक रूप से अपने रिश्ते की झलक दिखाई थी। इसके बाद से दोनों कई सार्वजनिक कार्यक्रमों में साथ नजर आए हैं। सोशल मीडिया पर भी वे एक-दूसरे के साथ तस्वीरें साझा करते रहते हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ऋतिक और सबा की पहली बातचीत ऑनलाइन हुई थी। धीरे-धीरे यह बातचीत दोस्ती में बदली और फिर दोनों एक-दूसरे के करीब आए। रिश्ते की शुरुआत में उन्होंने इसे निजी रखने का फैसला किया था। अब पांच साल पूरे होने पर उनकी साझा पोस्ट और परिवार की ओर से मिली शुभकामनाएं चर्चा में हैं।