
Photo: IANS
अभिनेत्री श्रिया सरन ने अपनी आगामी फिल्म ‘दृश्यम 3’ के सह-कलाकार अजय देवगन की जमकर तारीफ की है। उन्होंने अजय को ‘बेहद इंटेंस अभिनेता’ बताते हुए कहा कि पर्दे पर उनकी मौजूदगी और आंखों के जरिए भावनाएं व्यक्त करने का अंदाज उन्हें अलग पहचान देता है।
अजय देवगन के साथ काम करने के अनुभव के बारे में बात करते हुए श्रिया ने आईएएनएस से कहा कि अभिनेता संवाद बोलने के साथ-साथ अपनी आंखों के जरिए भी बहुत कुछ व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि अजय की आंखों में एक खास तरह की ताकत है, जो उनके किरदारों की भावनाओं को और प्रभावशाली बना देती है।
श्रिया ने कहा, “अजय अपनी आंखों से अभिनय करते हैं। उनकी आंखें बहुत प्रभावशाली हैं। उनके संवाद बोलने का अंदाज भी अलग है। वह बहुत इंटेंस अभिनेता हैं।”
उन्होंने अजय देवगन की मेहनत और काम के प्रति अनुशासन की भी सराहना की। श्रिया के मुताबिक, अजय अपने काम को लेकर बेहद गंभीर रहते हैं और कई बार उन्हें किसी दृश्य के लिए बार-बार टेक देने की जरूरत नहीं पड़ती।
उन्होंने कहा, “वह बहुत मेहनती हैं। उन्हें किसी दूसरे टेक की जरूरत नहीं पड़ती। वह बहुत मेहनत करते हैं।”
अजय के साथ काम करने के अलावा श्रिया ने ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी के निर्देशक अभिषेक पाठक की कार्यशैली की भी तारीफ की। उन्होंने बताया कि पाठक कहानी और पटकथा पर काफी समय देते हैं तथा कहानी के ट्विस्ट और टर्न को बारीकी से विकसित करने के बाद ही उसे पर्दे पर लाते हैं।
श्रिया ने कहा कि वह अपने किरदार नंदिनी को अच्छी तरह समझती हैं, लेकिन तीसरे भाग की कहानी में आने वाले घटनाक्रमों ने उन्हें भी चौंकाया। उन्होंने कहा, “मैं किरदार को जानती हूं। मुझे पता है कि नंदिनी कौन है। लेकिन मैंने नहीं सोचा था कि ऐसा कुछ हो सकता है।”
उन्होंने लेखकों के साथ अभिषेक पाठक के लगातार काम करने और कहानी को गहराई से समझने की प्रक्रिया को भी सराहनीय बताया। उनके मुताबिक, निर्देशक कहानी को सिर्फ आगे बढ़ाने के बजाय उसके हर पहलू को समझने और विकसित करने में पर्याप्त समय देते हैं।
‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी में श्रिया सरन ने अजय देवगन के किरदार विजय सालगांवकर की पत्नी नंदिनी की भूमिका निभाई है। विजय सालगांवकर का किरदार अपने परिवार को बचाने के लिए अपनी सूझबूझ, योजनाओं और मनोवैज्ञानिक रणनीति का इस्तेमाल करने के लिए जाना जाता है।
‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ में अजय देवगन और श्रिया सरन के अलावा तब्बू, जयदीप अहलावत, रजत कपूर, प्रकाश राज, इशिता दत्ता और मृणाल जाधव प्रमुख भूमिकाओं में हैं। फिल्म में विजय सालगांवकर और उसके परिवार के सामने एक बार फिर पुलिस और कानूनी जांच का दबाव बढ़ता दिखाई देगा, जिससे पुराने रहस्य के उजागर होने का खतरा पैदा होता है।
‘दृश्यम’ मूल रूप से मलयालम फिल्म है, जिसका हिंदी संस्करण भी दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय रहा है। इस कहानी का तमिल, तेलुगु और कन्नड़ भाषाओं में भी रीमेक बनाया जा चुका है।
‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म की कहानी को लेकर दर्शकों में खास दिलचस्पी इसलिए भी है क्योंकि फ्रेंचाइजी की पहचान अप्रत्याशित मोड़, पारिवारिक तनाव और पुलिस जांच के बीच विजय सालगांवकर की रणनीति के लिए रही है।