
Photo: IANS
रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ के घर में इस बार भोजपुरी अभिनेत्री अमरपाली दुबे और प्रतियोगी गुल्लू गुल्लू के बीच तीखी बहस देखने को मिली। राशन टास्क को लेकर घर में पहले से चल रहे तनाव के बीच दोनों के बीच जुबानी जंग छिड़ गई। इस दौरान गुल्लू ने अमरपाली की शारीरिक क्षमता पर तंज कसा और कथित तौर पर उनके शरीर को लेकर भी टिप्पणी की।
ताजा एपिसोड में बहस के दौरान गुल्लू ने अमरपाली से कहा, “दो मिनट चलरे ही थक जाती है।” इसके अलावा उन्होंने अभिनेत्री को ‘मोटी बुद्धि’ भी कहा। उनकी इन टिप्पणियों को अमरपाली के शरीर और शारीरिक बनावट पर निशाना साधने के तौर पर देखा गया।
विवाद यहीं खत्म नहीं हुआ। बहस के बाद गुल्लू घर के लॉन में बैठे नजर आए, जहां उन्होंने अमरपाली और लव गिल की दोस्ती का जिक्र करते हुए दोनों को ‘मोटू-पतलू’ कहा। कार्टून के इन दो किरदारों में मोटू को भारी शरीर वाले और पतलू को दुबले-पतले व्यक्ति के रूप में दिखाया जाता है। ऐसे में गुल्लू की टिप्पणी को अमरपाली और लव की शारीरिक बनावट की तुलना करने के रूप में देखा गया।
दरअसल, घर में अमरपाली और गुल्लू के बीच विवाद तब शुरू हुआ, जब गुल्लू ने आरोप लगाया कि अमरपाली, लव और कनिका के झगड़े को और बढ़ावा दे रही हैं। इस पर अभिनेत्री ने जवाब दिया कि वह अपने दोस्त लव का साथ दे रही हैं, न कि किसी विवाद को भड़का रही हैं।
गौरतलब है कि घर में राशन टास्क के बाद कनिका मान और लव गिल के बीच भी तीखी बहस हुई थी। टास्क के दौरान लव के फैसले के कारण घर के सदस्यों को पूरे सप्ताह के राशन से वंचित होना पड़ा। इसके बाद कनिका नाराज हो गईं। उनकी नाराजगी की एक वजह यह भी थी कि लव अपने फैसले को लेकर दोषी महसूस करते नजर नहीं आए।
राशन की कमी और टास्क को लेकर पैदा हुआ तनाव अब घर के सदस्यों के आपसी रिश्तों पर भी असर डालता दिख रहा है। अमरपाली और गुल्लू के बीच हुई इस बहस ने घर के भीतर चल रहे विवादों को एक नया मोड़ दे दिया है।