IIFA 2027: पहली बार होस्ट बनेंगी अनन्या पांडेBy IANS Mon, 12 October 2026 05:18 PM

Photo: IANS

बॉलीवुड अभिनेत्री अनन्या पांडे IIFA अवॉर्ड्स 2027 में पहली बार होस्ट की भूमिका निभाने जा रही हैं। अभिनेत्री इस बार सह-मेजबान के रूप में मंच पर नजर आएंगी। उन्होंने कहा कि IIFA के साथ अपने पुराने जुड़ाव के बीच नई भूमिका में लौटना उनके लिए इस अनुभव को और भी खास बनाता है।

अनन्या ने IIFA के साथ अपने सफर को याद करते हुए बताया कि इसकी शुरुआत अबू धाबी के यास आइलैंड से हुई थी, जहां उन्होंने पहली बार इस प्रतिष्ठित मंच पर परफॉर्म किया था। संयोग से IIFA अवॉर्ड्स का अगला संस्करण भी यहीं आयोजित होने जा रहा है।

अनन्या ने कहा, “IIFA का हिस्सा बनना हमेशा मेरे लिए बेहद खास रहा है। मेरी IIFA यात्रा यास आइलैंड, अबू धाबी से शुरू हुई थी, जहां मैंने पहली बार उस प्रतिष्ठित मंच पर परफॉर्म किया था। मुझे आज भी उस पल का उत्साह याद है। मैं बचपन से IIFA देखती आई थी, इसलिए भारतीय सिनेमा के इस बड़े उत्सव का हिस्सा बनना किसी सपने के सच होने जैसा था।”

उन्होंने कहा कि हर अनुभव ने उन्हें आगे बढ़ने, खुद के नए पहलुओं को पहचानने और यादगार पल संजोने का मौका दिया है। उनके मुताबिक, IIFA के मंच की ऊर्जा, भव्यता और फिल्म इंडस्ट्री की प्रतिभाओं का एक साथ आना इसे खास बनाता है।

अनन्या ने कहा कि इस बार सह-मेजबान के रूप में लौटना उनके लिए एक नया अनुभव होगा। भारतीय सिनेमा के बड़े सितारों, कहानियों और उपलब्धियों का जश्न मनाने के लिए वह उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि जहां से उनकी IIFA यात्रा शुरू हुई थी, उसी अबू धाबी में इस नई भूमिका को निभाना उनके लिए और भी मायने रखता है।

अभिनेता वरुण धवन भी IIFA Awards 2027 में मंच संभालेंगे। उन्होंने कहा कि IIFA कलाकारों के लिए बेहद खास आयोजन है, क्योंकि यह पूरी फिल्म इंडस्ट्री को एक मंच पर लाने के साथ भारतीय सिनेमा के उत्सव को दुनिया भर के दर्शकों तक पहुंचाता है।

वरुण ने कहा कि IIFA के साथ उनकी कई यादें जुड़ी हैं। उन्होंने इसके मंच पर परफॉर्म करने और अबू धाबी में आयोजित समारोहों का हिस्सा बनने के अनुभव को याद किया। उनके मुताबिक, IIFA की ऊर्जा, संगीत, दर्शकों का उत्साह और भारतीय सिनेमा की सामूहिक मौजूदगी इसे दूसरे आयोजनों से अलग बनाती है।

उन्होंने कहा कि यास आइलैंड लौटकर IIFA अवॉर्ड्स की मेजबानी करना उनके लिए बड़े सम्मान की बात है। वरुण के अनुसार, IIFA अब केवल एक पुरस्कार समारोह नहीं, बल्कि भारतीय सिनेमा की वैश्विक लोकप्रियता का उत्सव बन चुका है।

फिल्मकार करण जौहर भी एक बार फिर IIFA के मंच पर अपनी खास अंदाज में नजर आएंगे। उन्होंने बताया कि वह छह बार इस समारोह की मेजबानी कर चुके हैं, लेकिन लाइव कार्यक्रम के दौरान होने वाला उत्साह, रोमांच और अप्रत्याशित घटनाएं आज भी उन्हें उतना ही रोमांचित करती हैं।

करण ने कहा कि IIFA के मंच पर हंसी, आश्चर्य और मनोरंजन का एक अलग ही माहौल रहता है। अबू धाबी में वापसी को लेकर उत्साहित करण ने कहा कि वह इस बार भी दर्शकों के लिए यादगार पल बनाने को तैयार हैं।

IIFA वीकेंड और अवॉर्ड्स का 27वां संस्करण अगले साल 22 और 23 जनवरी को अबू धाबी के यास आइलैंड स्थित एतिहाद एरीना में आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन में भारतीय फिल्म जगत की प्रमुख हस्तियों के शामिल होने और भारतीय सिनेमा की उपलब्धियों का जश्न मनाने की उम्मीद है।