एआई से फर्जी तस्वीरें-वीडियो बनाने वालों पर नेहा शर्मा सख्त, कानूनी कार्रवाई की चेतावनीBy IANS Sat, 17 October 2026 07:34 PM

Photo: IANS

अभिनेत्री नेहा शर्मा ने बिना अनुमति एआई के जरिए उनकी तस्वीरें और वीडियो बनाने या प्रसारित करने वालों को कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट के पीछे छिपकर भी ऐसे लोग जवाबदेही से नहीं बच पाएंगे।

‘क्रूक’ फिल्म की अभिनेत्री ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर संबंधित लोगों से उनकी पहचान का इस्तेमाल कर बनाई गई सामग्री तत्काल हटाने और भविष्य में ऐसा नहीं करने को कहा।

नेहा ने स्पष्ट किया कि उन्होंने एआई-जनित तस्वीरों या वीडियो में अपने चेहरे और पहचान के इस्तेमाल की अनुमति किसी को नहीं दी है। उन्होंने कहा कि उनकी छवि को गलत तरीके से पेश करना या प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाना अस्वीकार्य है।

अभिनेत्री ने चेतावनी दी कि ऐसी सामग्री बनाने, पोस्ट करने या प्रसारित करने वाले सभी जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिल्म जगत में एआई के दुरुपयोग और कलाकारों की पहचान के अनधिकृत इस्तेमाल को लेकर चिंता बढ़ रही है। अक्षय कुमार, वरुण धवन, अनिल कपूर, शिल्पा शेट्टी, प्रीति जिंटा, कार्तिक आर्यन, मृणाल ठाकुर और सुनील शेट्टी समेत कई कलाकार अपने व्यक्तित्व और पहचान संबंधी अधिकारों की सुरक्षा के लिए अदालत का रुख कर चुके हैं।

हाल ही में अभिनेत्री जाह्नवी कपूर के फिल्म ‘देवरा’ के गाने ‘छुट्टमल्ले’ से जुड़ा एक मॉर्फ्ड वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया था, जिसने इस मुद्दे पर फिर सवाल खड़े किए।