अर्जुन बिजलानी की टिप्पणी पर नेहा स्वामी ने तोड़ी चुप्पी, बोलीं- यह प्यार है, अपमान नहींBy IANS Fri, 27 November 2026 03:30 PM

Photo: IANS

मुंबई। टीवी अभिनेता अर्जुन बिजलानी और उनकी पत्नी नेहा स्वामी बिजलानी इन दिनों रियलिटी शो 'पति पत्नी और पंगा 2' में हुई एक टिप्पणी को लेकर चर्चा में हैं। शो के एक सेगमेंट में अर्जुन द्वारा नेहा की खानपान की आदतों पर की गई टिप्पणी को कुछ दर्शकों ने बॉडी शेमिंग बताते हुए उनकी आलोचना की थी। अब नेहा ने इस पूरे विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए पति का बचाव किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अर्जुन का व्यवहार उनके लिए अपमानजनक नहीं, बल्कि प्यार जताने का तरीका है।

दरअसल, नेहा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा की थी, जिस पर एक यूजर ने टिप्पणी करते हुए लिखा कि 'पति पत्नी और पंगा' में अर्जुन ने उनका अपमान किया है। इस पर जवाब देते हुए नेहा ने लिखा, "वह प्यार है, अपमान नहीं।"

यह विवाद उस समय शुरू हुआ था, जब शो में होस्ट मुनव्वर फारुकी के साथ बातचीत के दौरान अर्जुन ने नेहा की खाने की आदतों को लेकर मजाकिया टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि नेहा शायद आठ घंटे सोती हैं, लेकिन बाकी 16 घंटे खाने में बिताती हैं। इस टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर कुछ दर्शकों ने अर्जुन पर पत्नी की बॉडी शेमिंग करने का आरोप लगाया। शो के उस हिस्से में नेहा कुछ असहज भी नजर आई थीं।

हालांकि, अर्जुन ने बाद में इन आरोपों को खारिज करते हुए सफाई दी थी कि उनकी टिप्पणी नेहा की शारीरिक बनावट को लेकर नहीं, बल्कि उनकी खानपान की आदतों और सेहत को लेकर थी। उन्होंने कहा था कि पत्नी को क्या उनके स्वास्थ्य के लिए अच्छा है और क्या नहीं, यह बताने के पीछे उनका प्यार और चिंता है। आलोचनाओं का जवाब देते हुए उन्होंने अपने और नेहा के 23 साल पुराने रिश्ते का भी जिक्र किया था।

शो के इस घटनाक्रम के दौरान साथी प्रतियोगी दिव्यांका त्रिपाठी भी बातचीत में शामिल हुई थीं। उन्होंने नेहा का समर्थन करते हुए कहा था कि अगर नेहा खाती हैं तो वे सभी भी खाते हैं। इसके बाद दिव्यांका ने नेहा के साथ पिज्जा भी साझा किया।

इस विवाद के बीच नेहा ने अर्जुन के साथ अपने 23 साल के रिश्ते को लेकर एक भावुक संदेश भी साझा किया। उन्होंने लिखा कि इतने वर्षों बाद भी वह खुद को दुनिया की सबसे खुशकिस्मत लड़की मानती हैं। समय के साथ अर्जुन का प्यार कम होने के बजाय और गहरा तथा मजबूत हुआ है। नेहा के मुताबिक, अर्जुन उन्हें बिना किसी शर्त के स्वीकार करते हैं और उनके जीवन में ऐसा सुकून देते हैं, जो उनके लिए अनमोल है।

गुरुवार को नेहा ने अर्जुन के एक खास सरप्राइज की झलक भी सोशल मीडिया पर साझा की। उन्होंने बताया कि अर्जुन ने उनके लिए पूरा सैलून बुक कर दिया था, ताकि वह बिना किसी परेशानी के निजी तौर पर खुद को समय दे सकें और आराम से पैंपरिंग का आनंद उठा सकें।

सैलून के वीडियो में नेहा इस खास अनुभव से काफी खुश नजर आईं। उन्होंने बताया कि अर्जुन चाहते थे कि वह उस दौरान खुद को किसी रानी की तरह महसूस करें।

इस तरह, शो की एक टिप्पणी से शुरू हुई चर्चा के बीच नेहा ने सोशल मीडिया पर अपने पति के प्रति भरोसा और स्नेह जाहिर करते हुए साफ कर दिया कि वह अर्जुन की बातों को अपमान के रूप में नहीं देखतीं।