सलमान खान ने 'बैटल ऑफ गलवान' में सैनिक के रूप में अपना दमदार लुक किया जारीBy Admin Sat, 05 July 2025 06:56 AM

मुंबई- 'सिकंदर' के बाद सलमान खान एक बार फिर बड़े पर्दे पर जबरदस्त वापसी करने जा रहे हैं। उनकी अगली फिल्म एक युद्ध आधारित ड्रामा 'बैटल ऑफ गलवान' है। अपूर्व लाखिया के निर्देशन में बन रही इस फिल्म का फर्स्ट लुक पोस्टर मेकर्स ने रिलीज कर दिया है।

पोस्टर में सलमान खान को सैनिक की भूमिका में मूंछों के साथ देखा जा सकता है। उनके चेहरे पर खून के धब्बे, आंखों में गुस्सा और इरादों में जबरदस्त दृढ़ता नजर आ रही है। उनका रफ-टफ लुक दर्शकों का ध्यान खींच रहा है।

पोस्टर पर लिखा गया है, "समुद्र तल से 15,000 फीट की ऊंचाई पर भारत ने सबसे निर्मम लड़ाई बिना एक भी गोली चलाए लड़ी।"

फिल्म का पहला लुक आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर शेयर किया गया, जिसमें कैप्शन दिया गया, "15,000 फीट की ऊंचाई पर खून, हौसला और देशभक्ति। सलमान खान तैयार हैं आधुनिक भारत की सबसे शक्तिशाली कहानी के लिए। #BattleOfGalwan मोशन पोस्टर आउट नाऊ!" सलमान खान ने भी अपने इंस्टाग्राम पर यह पोस्टर साझा किया।

बता दें कि 'बैटल ऑफ गलवान' भारत और चीन के सैनिकों के बीच 2020 में लद्दाख की गलवान घाटी में हुई तीखी झड़प पर आधारित है। यह इलाका विवादित सीमा क्षेत्र में आता है। चूंकि वहां हथियारों का इस्तेमाल प्रतिबंधित था, इसलिए सैनिकों ने हाथों, डंडों और पत्थरों से संघर्ष किया। यह झड़प लगभग 45 वर्षों में भारत-चीन सीमा पर हुई पहली घातक भिड़ंत थी।

फिल्म में संगीत का जिम्मा हिमेश रेशमिया को सौंपा गया है। वहीं, चित्रांगदा सिंह फिल्म में सलमान खान के साथ मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। इसके अलावा फिल्म में तीन युवा कलाकार भी शामिल होंगे, जो सलमान के कोर स्क्वाड का हिस्सा होंगे।

'बैटल ऑफ गलवान' की रिलीज डेट का फिलहाल ऐलान नहीं किया गया है।

साथ ही यह भी खबर है कि सलमान खान अपनी सुपरहिट फिल्म 'साजन' के को-स्टार संजय दत्त के साथ एक बार फिर पर्दे पर नजर आएंगे। इस फिल्म का नाम 'गंगा राम' बताया जा रहा है।

 

With inputs from IANS