रांची में जलवायु-अनुकूल फसल विकास पर 21 दिवसीय शीतकालीन विद्यालय का शुभारंभBy Admin Tue, 03 February 2026 12:34 PM

रांची: रांची आईसीएआर–भारतीय कृषि जैव प्रौद्योगिकी संस्थान (ICAR-IIAB) में 3 फरवरी 2026 को “जलवायु-अनुकूल किस्म विकास के लिए ट्रांसलेशनल जीनोमिक्स” विषय पर 21 दिवसीय शीतकालीन विद्यालय का विधिवत उद्घाटन किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 3 से 23 फरवरी 2026 तक आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य देशभर के कृषि वैज्ञानिकों और शिक्षकों को आधुनिक जीनोमिक तकनीकों से जोड़ना है।

उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ स्टडी एंड रिसर्च इन लॉ (NUSRL), रांची के कुलपति प्रो. (डॉ.) अशोक आर. पाटिल रहे। इस कार्यक्रम में आईसीएआर संस्थानों, राज्य कृषि विश्वविद्यालयों तथा यूजीसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालयों से आए 20 वैज्ञानिक, सहायक प्राध्यापक और संकाय सदस्य भाग ले रहे हैं।

शीतकालीन विद्यालय का मुख्य उद्देश्य प्रतिभागियों को ओमिक्स तकनीकों, जीनोमिक डाटाबेस और उन्नत संगणनात्मक उपकरणों के माध्यम से जलवायु-अनुकूल एवं सटीक फसल सुधार की दिशा में प्रशिक्षित करना है। पाठ्यक्रम में संरचनात्मक एवं कार्यात्मक जीनोमिक्स, जीनोमिक्स-सहायित प्रजनन, जीनोम सीक्वेंसिंग एवं असेंबली, बायोइन्फॉर्मेटिक्स, आणविक मार्कर तकनीक, मल्टी-ओमिक्स डेटा विश्लेषण तथा आधुनिक प्रजनन कार्यक्रमों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं।
 

अपने संबोधन में ICAR-IIAB के निदेशक डॉ. सुजय रक्षित ने कृषि क्षेत्र की राष्ट्रीय विकास में महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जलवायु परिवर्तन और संसाधनों की चुनौतियों के बीच वैज्ञानिकों को नई तकनीकों से सशक्त बनाना समय की आवश्यकता है। वहीं प्रो. पाटिल ने नीति निर्माण में कृषि की केंद्रीय भूमिका और आईसीएआर के योगदान की सराहना की।

कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. वी. पी. भदाना के स्वागत भाषण से हुई, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. के. आर. सोरेन ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में संस्थान के संकाय सदस्य एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।