
रांची: राजधानी रांची के बहु बाजार के निकट गणपत नगर स्थित गणपत पैलेस एवं गौरी सावित्री हेरिटेज परिसर में भव्य और आकर्षक शिव-पार्वती मंदिर का निर्माण कराया गया है। मंदिर में भगवान शिव और माता पार्वती की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर भव्य यज्ञ और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जा रहा है।
कलश यात्रा और विधि-विधान के साथ प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ की शुरुआत हुई। यज्ञ के दूसरे दिन भगवान शिव और माता पार्वती को औषधि स्नान कराया गया, जिसके बाद फूलों से सुसज्जित वाहन में नगर भ्रमण कराया गया। बाजे-गाजे और भक्ति गीतों के बीच हजारों श्रद्धालु इस शोभायात्रा में शामिल हुए।
नगर भ्रमण के दौरान हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालु नाचते-गाते और भक्ति में लीन दिखाई दिए। शहर के विभिन्न मार्गों से होकर यह शोभायात्रा गुजरी, जहां लोगों ने पुष्प वर्षा कर भगवान का स्वागत किया।
प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ के दौरान प्रतिदिन संध्या में भजन-कीर्तन और प्रवचन का कार्यक्रम भी आयोजित किया जा रहा है। कांके रोड स्थित इस्कॉन मंदिर से जुड़े स्वामी जी एवं भक्तों ने भजन-कीर्तन, नाटक मंचन और भगवान श्रीकृष्ण पर आधारित नृत्य प्रस्तुति दी। स्वामी जी ने भगवद गीता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों से इसे जीवन में अपनाने की अपील की।
गणपत पैलेस परिसर में इस भव्य मंदिर का निर्माण जितेंद्र सिंह और पंकज सिंह द्वारा कराया गया है। मंदिर परिसर में धार्मिक आयोजनों के लिए एक सुसज्जित हॉल का भी निर्माण किया गया है। प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ में यजमान की भूमिका रूपनारायण सिंह अपनी पत्नी के साथ निभा रहे हैं, जबकि वाराणसी से आए विद्वान पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ संपन्न कराया जा रहा है।
शुक्रवार को प्राण प्रतिष्ठा के मुख्य अनुष्ठान के साथ कई धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे, वहीं शनिवार को भंडारे और पूर्णाहुति के साथ यज्ञ का समापन किया जाएगा। राजधानी रांची में इस भव्य धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।