
झारखंड के 48 नगर निकायों में होने वाले चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए पोलिंग पार्टियों और सुरक्षाकर्मियों की रवानगी शुरू हो गई है।
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर सभी जिलों में डिस्पैच सेंटर बनाए गए हैं, जहां से मतदान दलों को बैलेट पेपर और बैलेट बॉक्स के साथ उनके संबंधित बूथों के लिए रवाना किया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक पूरी प्रक्रिया की निगरानी सख्ती से की जा रही है।
कुल नगर निकाय: 48
कुल मतदान केंद्र (बूथ): करीब 4,500+
कुल पोलिंग पार्टियां: लगभग 5,000 से अधिक
तैनात कर्मी: 20,000 से ज्यादा मतदान कर्मी
सुरक्षा बल: जिला पुलिस, जैप, होमगार्ड व अर्द्धसैनिक बल
हर बूथ पर एक पीठासीन पदाधिकारी और तीन मतदान कर्मियों की तैनाती की गई है। संवेदनशील और अति संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को रोका जा सके।
"सभी संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च किया गया है। कई मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था भी की गई है, ताकि पूरी प्रक्रिया की निगरानी सुनिश्चित की जा सके।" मतदान सुबह निर्धारित समय 7 बजे से शुरू होकर शाम 5 बजे तक चलेगा। मतदान समाप्ति के बाद बैलेट बॉक्स को कड़ी सुरक्षा के बीच स्ट्रॉन्ग रूम में रखा जाएगा। प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे बिना किसी डर या दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग करें और लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें।