कुल्लू-मनाली में वीर सोरेन की मौत, चंपई सोरेन परिवार में शोकBy Admin Wed, 25 February 2026 01:17 PM

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चपई सोरेन के परिवार और समर्थकों के लिए बुरी खबर है। चंपई सोरेन के सबसे बड़े बेटे बाबूलाल सोरेन के बेटे वीर सोरेन (21) की हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि वीर सोरेन अपने दोस्तों के साथ घूमने के लिए कुल्लू गए थे। अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। यह घटना मंगलवार, 24 फरवरी की देर शाम की बताई जा रही है।

स्कीइंग के बाद होटल लौटते समय उनकी तबीयत बिगड़ गई।

बताया जा रहा है कि वीर सोरेन कुछ दोस्तों के साथ टूरिस्ट डेस्टिनेशन कुल्लू-मनाली गए थे। मंगलवार को वह बर्फ का मज़ा लेने निकल गए। वीर ने वहां स्कीइंग भी की और अपने दोस्तों के साथ काफी समय बिताया। बर्फ में खेलने और स्कीइंग करने के बाद जब वीर सोरेन अपने होटल लौटे तो अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह गिर पड़े। उनके दोस्त उन्हें पास के हॉस्पिटल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिवार के लोग हिमाचल के लिए रवाना

जैसे ही देर शाम पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन और उनके बेटे बाबूलाल सोरेन को इस घटना की खबर मिली, परिवार में दुख की लहर दौड़ गई। वीर बाबूलाल सोरेन के दो बेटों में बड़ा था। घटना की जानकारी मिलने पर परिवार के लोग और करीबी रिश्तेदार कुल्लू के लिए रवाना हो गए।