
झारखंड की राजधानी रांची में पहली बार विशाल क्षत्रिय समागम का आयोजन किया जा रहा है। यह समागम 15 मार्च को एचईसी स्थित पुराना विधानसभा मैदान में आयोजित होगा। आयोजन की जिम्मेदारी क्षत्रिय गौरव एकता मंच ने ली है। आयोजकों का दावा है कि इस ऐतिहासिक समागम में राज्यभर के गांव-गांव से 35 से 40 हजार लोग शामिल होंगे।
समागम के मुख्य अतिथि राजस्थान के विधायक रविंद्र सिंह भाटी होंगे। इसके अलावा झारखंड के पूर्व सांसद, पूर्व विधायक और वर्तमान विधायक भी कार्यक्रम में भाग लेंगे।
पूर्व एमएलसी और क्षत्रिय गौरव एकता मंच के प्रदेश संयोजक प्रवीण सिंह ने हरमू में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में जानकारी देते हुए कहा कि समागम का मुख्य उद्देश्य क्षत्रिय समाज की एकजुटता को मजबूत करना है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में समाज की आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक स्थिति पर गंभीर चर्चा होगी। साथ ही गरीब बेटियों की शादी, शिक्षा, संस्कृति और समाज की संपत्ति व विरासत की रक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
प्रवीण सिंह ने कहा कि समाज वर्तमान में कई चुनौतियों का सामना कर रहा है और जब तक एकजुटता नहीं होगी, समस्याओं का समाधान संभव नहीं है। उन्होंने युवाओं से अपनी संस्कृति और विरासत को जानने और आगे बढ़ाने की अपील की।
समागम में यह भी चर्चा होगी कि समाज के कमजोर वर्ग की बेटियों की पढ़ाई और शादी में किस प्रकार सामूहिक सहयोग किया जाए। आयोजकों का कहना है कि समाज की घटती संपत्ति और विरासत चिंता का विषय है, जिस पर सामूहिक रणनीति बनाना जरूरी है।
आयोजकों के अनुसार राज्य के सभी जिलों में क्षत्रिय एकता मंच के कार्यकर्ता समागम की तैयारी में जुटे हुए हैं। प्रवीण सिंह ने बताया कि वे स्वयं लगभग सभी जिलों का दौरा कर चुके हैं और समाज में कार्यक्रम को लेकर काफी उत्साह है।
समागम की सफलता को लेकर 27 मार्च को दोपहर 2:30 बजे प्रेस क्लब में एक बैठक भी आयोजित की जाएगी।
इस मौके पर भाजपा नेता सत्यनारायण सिंह, जीवेश सिंह सोलंकी, सुनील सिंह और अभिषेक सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।