जमशेदपुर में श्री जगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र के निर्माण हेतु भूमि पूजन संपन्नBy Admin Thu, 26 February 2026 04:35 PM

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, संतोष कुमार गंगवार, हेमन्त सोरेन तथा धर्मेंद्र प्रधान की गरिमामयी उपस्थिति में जमशेदपुर के मरीन ड्राइव (कदमा) स्थित परिसर में श्री जगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र के निर्माण हेतु भूमि पूजन कार्यक्रम विधिवत संपन्न हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच धार्मिक पुरोहितों ने पूरे विधि-विधान के साथ पूजन अनुष्ठान कराया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शिलापट्ट का अनावरण कर केंद्र की आधारशिला रखी। इस अवसर पर बिद्युत बरन महतो, सरयू राय, पूर्णिमा साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

पुरी के जगन्नाथ मंदिर की तर्ज पर होगा निर्माण

लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस भव्य केंद्र की रूपरेखा जगन्नाथ मंदिर पुरी की तर्ज पर तैयार की जाएगी। केंद्र का संचालन श्री जगन्नाथ स्पिरिचुअल एंड कल्चरल चैरिटेबल सेंटर ट्रस्ट द्वारा किया जाएगा। यह केंद्र सामाजिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा-सराहनीय और दूरदर्शी पहल

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने “जय जगन्नाथ” के उद्घोष के साथ अपने संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि देश और दुनिया में अनेक संस्थाएं विभिन्न उद्देश्यों और विचारों के साथ स्थापित की जाती हैं, जो न केवल व्यक्तित्व निर्माण में सहायक होती हैं बल्कि मानव जीवन को भी दिशा प्रदान करती हैं।

उन्होंने कहा कि श्री जगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र की स्थापना सामाजिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक समन्वय की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सराहनीय पहल है। मुख्यमंत्री ने ट्रस्ट की सोच और उद्देश्य की प्रशंसा करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में यह केंद्र एक अभूतपूर्व और भव्य स्वरूप में मूर्त रूप लेगा।

बड़ी संख्या में गणमान्य रहे उपस्थित

कार्यक्रम में टी. वी. नरेंद्रन, श्री जगन्नाथ स्पिरिचुअल एंड कल्चरल चैरिटेबल सेंटर के मैनेजिंग ट्रस्टी एस. के. बेहरा, ट्रस्टी मनोरंजन दास एवं श्रीधर प्रधान सहित बड़ी संख्या में गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। यह केंद्र आने वाले समय में जमशेदपुर ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता का प्रतीक बनेगा।