झारखंड में अपराध एवं विधि-व्यवस्था की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक, फरार आरोपियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देशBy Admin Sat, 28 February 2026 05:05 PM

झारखंड की महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक श्रीमती तदाशा मिश्र की अध्यक्षता में आज पुलिस मुख्यालय स्थित सभागार में राज्य की अपराध एवं विधि-व्यवस्था की स्थिति को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्यभर में दर्ज आपराधिक मामलों, उग्रवाद संबंधी गतिविधियों तथा कानून-व्यवस्था की वर्तमान स्थिति पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक के दौरान महानिदेशक महोदया ने पूर्व में दर्ज धमकी, लेवी, आगजनी एवं तोड़फोड़ से जुड़े मामलों की समग्र समीक्षा कर फरार अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि फरार आरोपियों के विरुद्ध कुर्की-जप्ती की कार्रवाई करते हुए आवश्यकतानुसार पुरस्कार घोषित करने की प्रक्रिया भी अपनाई जाए।

प्राप्त खुफिया सूचनाओं के त्वरित सत्यापन और उस पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही नक्सल विरोधी अभियानों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा आत्मसमर्पण नीति का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिकाधिक लोगों को मुख्यधारा से जोड़ने के निर्देश दिए गए।

बैठक में स्थानीय नेटवर्क, मुखबिर तंत्र और डिजिटल निगरानी प्रणाली को सुदृढ़ कर आसूचना संकलन को मजबूत करने पर बल दिया गया। जमानत पर रिहा उग्रवादियों एवं अपराधियों की विशेष निगरानी रखने तथा सक्रिय आपराधिक गिरोहों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

इसके अतिरिक्त लूट, हत्या, चोरी, डकैती, बलात्कार, पॉक्सो एक्ट, साइबर अपराध तथा अन्य संगीन अपराधों की समीक्षा कर लंबित मामलों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

सभी प्रक्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक एवं क्षेत्रीय उप-महानिरीक्षकों को निर्देशित किया गया कि वे अपने स्तर पर इन आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित करें। प्रभावित क्षेत्रों का नियमित भ्रमण कर अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने तथा उग्रवाद से संबंधित दर्ज मामलों की समीक्षा कर उचित मार्गदर्शन प्रदान करने को कहा गया।

बैठक में अपर पुलिस महानिदेशक (अभियान) श्री टी. कंदसामी, अपर पुलिस महानिदेशक (अप०अनु०वि०) श्री मनोज कौशिक, पुलिस महानिरीक्षक सीआरपीएफ रांची सेक्टर श्री साकेत कुमार सिंह, पुलिस महानिरीक्षक विशेष शाखा श्री प्रभात कुमार, पुलिस महानिरीक्षक (अभियान) डॉ. माईकलराज एस., प्रक्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक पलामू श्री शैलेन्द्र कुमार सिन्हा, पुलिस महानिरीक्षक एसटीएफ श्री अनुप बिरथरे, प्रक्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक बोकारो श्री सुनील भाष्कर, पुलिस महानिरीक्षक (प्रोविजन) श्री पटेल मयूरकनैयालाल सहित सभी क्षेत्रीय पुलिस उप-महानिरीक्षक भौतिक रूप से उपस्थित रहे।

वहीं पुलिस अधीक्षक लातेहार, हजारीबाग, लोहरदगा, चतरा एवं पलामू वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।