Jharkhand Weather Update: 9 मार्च को 11 जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट, रांचीमें भी बूंदाबांदी के आसारBy Admin Fri, 06 March 2026 11:33 AM

Jharkhand Weather Update: झारखंड में आने वाले दिनों में मौसम बदलने वाला है। मौसम विभाग ने 9 मार्च को राज्य के 11 जिलों में बारिश और आंधी-तूफान का येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक, 6 मार्च से आसमान में हल्के बादल छाए रहने के संकेत हैं और 7 से 10 मार्च के बीच कई जिलों में आंधी-तूफान के साथ हल्की बारिश हो सकती है।

राजधानी रांची में इसका असर कम रहने की उम्मीद है, लेकिन 9 मार्च को यहां भी हल्की बूंदाबांदी की उम्मीद है। मौसम विभाग के मुताबिक, 7 मार्च को पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला जिलों में हल्की बारिश की संभावना है। इसके बाद 8 और 9 मार्च को राज्य के करीब 14 जिलों में हल्की बारिश की उम्मीद है।

10 मार्च को राज्य के 13 जिलों में बारिश की उम्मीद है, जबकि 11 अन्य जिलों में बारिश और आंधी-तूफान की संभावना है। जिन जिलों में बारिश और आंधी-तूफान की संभावना है, उनमें कोडरमा, गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़, गिरिडीह, दुमका, हजारीबाग, देवघर, जामताड़ा, बोकारो और धनबाद शामिल हैं।

मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी झारखंड के मौसम में बदलाव ला रही है। उन्होंने बताया कि 6 मार्च से बादल छाने लगेंगे और 7 से 10 मार्च के बीच कई जिलों में हल्की बारिश और आंधी-तूफान आ सकता है। हालांकि, इससे तापमान में कोई खास गिरावट नहीं आएगी और अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है।