15 मार्च को रांची में क्षत्रिय समाज की बड़ी बैठक, हजारों लोगों के आने की उम्मीदBy Admin Thu, 12 March 2026 06:55 PM

रांची: रांची के पुराना विधानसभा मैदान में 15 मार्च को आयोजित होने वाले विशाल क्षत्रिय समागम को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए राजधानी रांची सहित पूरे झारखंड में व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। शहर की सड़कों पर प्रचार वाहन घूम-घूम कर लोगों को समागम में शामिल होने का निमंत्रण दे रहे हैं, वहीं चौक-चौराहों पर होर्डिंग और बैनर लगाए गए हैं।

क्षत्रिय गौरव एकता मंच के संयोजक पूर्व एमएलसी प्रवीण सिंह और पूर्व सांसद सुनील सिंह लगातार जिलों के साथ-साथ रांची के विभिन्न मोहल्लों का दौरा कर रहे हैं। वे लोगों के साथ बैठक कर रहे हैं और घर-घर जाकर समागम में शामिल होने का निमंत्रण दे रहे हैं। रांची महानगर के सभी 53 वार्डों में भी जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया गया है।

प्रवीण सिंह ने बताया कि समागम के मुख्य अतिथि गोंडा, उत्तर प्रदेश के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह होंगे। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में सांसद लवली आनंद, बिहार विधान परिषद के उपसभापति अवधेश नारायण सिंह, धनबाद के पूर्व सांसद पीएन सिंह, पूर्व विधायक गिरिनाथ सिंह और धनबाद के मेयर संजीव सिंह सहित कई गणमान्य लोग शामिल होंगे।

इस समागम में लगभग 30 से 40 हजार लोगों के पहुंचने की संभावना है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य क्षत्रिय समाज को एक मंच पर लाना और समाज के आर्थिक, सामाजिक, शैक्षणिक तथा बेटियों की शादी जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा कर समाधान की दिशा में प्रयास करना है। आयोजकों ने क्षत्रिय समाज के सभी लोगों से 15 मार्च को रांची पहुंचकर समागम को सफल बनाने की अपील की है।