वज्रपात में घायल गरीब लड़की के लिए आर्थिक मदद की अपीलBy Admin Thu, 12 March 2026 07:54 PM

गोला: प्रकृति के कहर ने एक गरीब परिवार की जिंदगी को गहरे संकट में डाल दिया है। रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड के हराना गांव में कुछ दिन पहले हुई वज्रपात की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। इस हादसे में जहां गांव के 56 वर्षीय किसान गणसा महतो की दर्दनाक मौत हो गई, वहीं दूसरी घटना में 19 वर्षीय नेहा कुमारी गंभीर रूप से झुलस गई और अब जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है।

नेहा कुमारी, जो प्रेमचंद महतो की बेटी है, बेहद गरीब परिवार से ताल्लुक रखती है। वज्रपात की चपेट में आने से वह बुरी तरह घायल हो गई। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों की मदद से उसे तुरंत गोला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।

डॉक्टरों के मुताबिक वज्रपात का असर उसके दिमाग पर भी पड़ सकता है, इसलिए उसकी एमआरआई जांच कराना बेहद जरूरी है। लेकिन आर्थिक तंगी के कारण परिवार के लिए यह जांच और आगे का इलाज कराना लगभग असंभव हो गया है। मजबूरी में परिजन उसे घर वापस ले आए हैं और अब किसी मददगार के आगे आने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

परिवार की आर्थिक स्थिति इतनी खराब है कि रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना भी मुश्किल हो रहा है। ऐसे में बेटी के इलाज का खर्च उठाना उनके लिए बड़ी चुनौती बन गया है। परिजनों ने प्रशासन से आपदा प्रबंधन के तहत आर्थिक सहायता की मांग की है और समाजसेवियों व आम लोगों से भी मदद की अपील की है।

ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय पर इलाज नहीं हुआ तो नेहा की हालत और गंभीर हो सकती है। ऐसे में जरूरत है कि प्रशासन और समाज आगे आए, ताकि एक गरीब पिता की बेटी को समय रहते नया जीवन मिल सके।