
Jharkhand Weather: झारखंड में अभी गर्मी का प्रकोप बढ़ रहा है, लेकिन आने वाले दिनों में मौसम फिर बदल सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 13 और 14 मार्च को पूरे राज्य में आसमान साफ और सूखा रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।
15 मार्च से राज्य के कई हिस्सों में मौसम बदल सकता है। मौसम विभाग ने 15 से 18 मार्च तक झारखंड के 20 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान आसमान में हल्के बादल छाए रहने, आंधी-तूफान और हल्की बारिश की उम्मीद है।
मौसम विभाग के अनुसार, इस बदलाव का असर खास तौर पर राज्य के मध्य, दक्षिणी और उत्तर-पूर्वी जिलों में महसूस किया जा सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र ने 15 मार्च को रांची, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, रामगढ़, सरायकेला-खरसावां, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, दुमका, जामताड़ा, गोड्डा, पाकुड़ और साहेबगंज जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में हल्के बादल छाए रहने, गरज के साथ छींटे पड़ने और हल्की बारिश होने की संभावना है।
राज्य के कई हिस्सों में तापमान बढ़ रहा है। गुरुवार को मेदिनीनगर में अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो राज्य में सबसे ज्यादा था। राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी रिकॉर्ड की गई। धनबाद जिले के पुटकी में सबसे ज्यादा 19 mm बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि चाईबासा का अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।