झारखंड में बदला मौसम: रांची समेत 5 जिलों में बारिश और वज्रपात का अलर्टBy Admin Sun, 15 March 2026 03:05 PM

झारखंड में इन दिनों मौसम तेजी से बदल रहा है। कभी तेज धूप तो कभी अचानक बारिश लोगों को हैरान कर रही है। सोमवार को एक बार फिर राजधानी रांची में मौसम ने करवट ली। सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए थे और ठंडी हवाएं चल रही थीं, जिससे बारिश के संकेत मिल रहे थे।

इसी बीच मौसम विभाग ने ताजा अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार अगले एक से तीन घंटे के भीतर रांची समेत कई जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है। अलर्ट में बताया गया है कि रांची, लोहरदगा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले के कुछ इलाकों में मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ हल्की वर्षा हो सकती है।

मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। खासकर खुले मैदानों में काम कर रहे लोगों, किसानों और राहगीरों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। वज्रपात के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े होने और खुले स्थानों में रहने से बचने को कहा गया है।

बदलते मौसम के कारण तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। फिलहाल लोगों को सलाह दी गई है कि मौसम के अपडेट पर नजर रखें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।