
रांची: रांची नगर निगम के नए चुने गए प्रतिनिधियों का शपथ ग्रहण समारोह बुधवार को कलेक्ट्रेट बिल्डिंग में होगा। जिला प्रशासन ने सभी चुने हुए मेयर और पार्षदों को न्योता भेजा है। शपथ ग्रहण समारोह के बाद डिप्टी मेयर चुनाव की प्रक्रिया शुरू होगी, जिससे राजनीतिक सरगर्मी तेज हो जाएगी।
सबसे पहले मेयर और पार्षद शपथ लेंगे। इसके बाद डिप्टी मेयर का चुनाव होगा। इस चुनाव में वार्ड 31 के पार्षद नीरज कुमार और वार्ड 25 की पार्षद सुषमा राज आमने-सामने हैं। डिप्टी मेयर का चुनाव पार्षदों के वोटिंग से होगा और वोटिंग के बाद जीतने वाले उम्मीदवार की घोषणा की जाएगी।
डिप्टी मेयर चुनाव के लिए दोनों पार्टियों ने अपनी रणनीति तेज कर दी है। खबर है कि एकता बनाए रखने के लिए 21 पार्षद शहर छोड़ चुके हैं। चुनाव के दिन सभी पार्षद एक साथ कलेक्ट्रेट में वोट डालने पहुंचेंगे। दोनों उम्मीदवार अपना समर्थन मजबूत करने के लिए लगातार पार्षदों से संपर्क कर रहे हैं, जिससे मुकाबला दिलचस्प होता जा रहा है।