
झारखंड: झारखंड की राजधानी रांची समेत राज्य के ज़्यादातर हिस्सों में शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट ली। दिन भर धूप खिलने के बाद शाम को बारिश शुरू हुई, जो रात करीब 9 बजे तक जारी रही। मूसलाधार बारिश से शहर की कई सड़कें और मोहल्ले जलमग्न हो गए। मौसम विभाग के मुताबिक, राजधानी में करीब 8 mm बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर और साइक्लोनिक सर्कुलेशन की वजह से राज्य में मौसम बदला है। इस सिस्टम की वजह से झारखंड में अगले पांच दिनों तक मौसम एक्टिव रहेगा। इस दौरान कई इलाकों में तेज आंधी के साथ भारी बारिश और ओले गिरने की उम्मीद है, जिससे आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो सकता है।
मौसम विभाग ने राज्य के 14 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें रांची, गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, लातेहार, गिरिडीह, गुमला, लोहरदगा, रामगढ़, बोकारो, धनबाद और खूंटी शामिल हैं। विभाग के मुताबिक, इस दौरान अधिकतम तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी।
मौसम विज्ञान केंद्र ने 6 अप्रैल के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसमें राज्य के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की उम्मीद है। कुछ इलाकों में ओले भी गिर सकते हैं। जिन जिलों में यह अलर्ट लागू है, उनमें पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद शामिल हैं।
मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, 7 से 9 अप्रैल के बीच राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश जारी रह सकती है। लगातार बदलते मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।