
रांची: मोरहाबादी मैदान में आयोजित 17वें इंडिया इंटरनेशनल मेगा ट्रेड फेयर में समापन से पहले वीकेंड पर भारी भीड़ देखने को मिली। रविवार की छुट्टी का फायदा उठाते हुए दोपहर से ही लोग बड़ी संख्या में मेले में पहुंचने लगे और देर रात तक खरीदारी का सिलसिला जारी रहा।
हस्तशिल्प, लकड़ी के फर्नीचर, हैंडलूम उत्पाद, इलेक्ट्रॉनिक्स, किचनवेयर, खादी वस्त्र और गिफ्ट आइटम्स पर आकर्षक छूट और विशेष ऑफर्स ने खरीदारों को खूब लुभाया। वहीं, फूड स्टॉल्स ने मेले के माहौल को और भी जीवंत बना दिया।
मेले के अंतिम से एक दिन पहले आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि यह स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ-साथ ग्रामीण कारीगरों को एक बेहतर मंच प्रदान करता है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि रांची में जल्द ही स्वदेशी मेला आयोजित किया जाएगा, जिससे गांवों में बने उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने रिकॉर्ड जीएसटी संग्रह 2 लाख करोड़ रुपये और 38,000 करोड़ रुपये से अधिक के रक्षा निर्यात का भी उल्लेख किया, साथ ही “क्लीन रांची, ग्रीन रांची” पहल के तहत झारखंड चेंबर के साथ सहयोग की बात कही।

झारखंड चेंबर के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि इस ट्रेड फेयर ने रांची को एक अलग पहचान दी है, जहां लोग 12 देशों और 15 राज्यों के उत्पादों को एक ही जगह पर देख और खरीद सकते हैं। इससे स्टॉल संचालकों को भी ग्राहकों की पसंद को समझने में मदद मिलती है।
मेले में “मॉम एंड किड्स फैशन शो” का आयोजन भी किया गया, जिसमें माताओं और बच्चों ने पारंपरिक परिधानों में रैंप वॉक कर भारतीय संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों की झलक पेश की।
कार्यक्रम का सफल संचालन आईएसबीए की निदेशक संगीता सिन्हा और सुमित्रा ‘ग्लैम’ की संस्थापक अचला चौहान समेत आयोजकों की टीम ने किया। इस अवसर पर बीजेपी रांची महानगर अध्यक्ष वरुण साहू और कांग्रेस शहर अध्यक्ष कुमार राजा सहित कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।