
देवघर: भोजपुर स्थित दुर्गा मंदिर मैदान सोमवार शाम रोशनी से जगमगा उठा, जहां मां दुर्गा स्पोर्टिंग युवा क्लब द्वारा नाइट फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। टूर्नामेंट का उद्घाटन जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष डॉ. सुनील खवाड़े ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर और किक लगाकर किया।
इस अवसर पर डॉ. खवाड़े ने कहा कि इस तरह का फ्लडलाइट में आयोजित टूर्नामेंट क्षेत्र में पहली बार हो रहा है, जो बेहद सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देने के साथ-साथ युवाओं में खेल के प्रति उत्साह भी बढ़ाते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिले में खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और अगले वर्ष इस टूर्नामेंट को और भव्य रूप में आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने आयोजन समिति को भविष्य में वॉलीबॉल टूर्नामेंट कराने के लिए भी प्रेरित किया और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
टूर्नामेंट में कुल आठ टीमों—भोजपुर, धोड़सा, बेलाटीकर, बसुलिया, झुंडी, खिरवटारी, देविपुर एफसी और एसटी बॉयज—ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों के जोशीले प्रदर्शन के बीच मुकाबले देर रात तक चलते रहे और दर्शकों ने जमकर उत्साह दिखाया।
मैचों में उमेश शर्मा ने रेफरी की भूमिका निभाई। मौके पर मुखिया विभा चौधरी, क्लब अध्यक्ष भूदेव शर्मा सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और खेल प्रेमी मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला।