
देवघर: युवाओं को भारतीय वायुसेना में करियर के अवसरों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान को और व्यापक बनाने की दिशा में सोमवार को अहम पहल की गई। एयरमेन सिलेक्शन सेंटर, बिहटा की तीन सदस्यीय टीम ने समाहरणालय में उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा से मुलाकात कर जिले में आउटरीच कार्यक्रमों के विस्तार पर चर्चा की।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जागरूकता कार्यक्रमों का फोकस ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों के युवाओं पर होना चाहिए। उन्होंने बताया कि गांवों में प्रतिभा की कमी नहीं है, लेकिन सही मार्गदर्शन और जानकारी के अभाव में कई युवा पीछे रह जाते हैं।

वायुसेना की टीम ने सुझावों से सहमति जताते हुए दूरस्थ इलाकों में विशेष जागरूकता शिविर आयोजित करने का प्रस्ताव रखा। साथ ही अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंच बनाने के लिए ऑनलाइन माध्यमों का उपयोग बढ़ाने पर भी सहमति बनी।
उपायुक्त ने आश्वासन दिया कि इन कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन हर संभव सहयोग करेगा, ताकि अधिक से अधिक युवा वायुसेना में करियर बनाने के लिए प्रेरित हो सकें।
बैठक में एयरमेन सिलेक्शन सेंटर के कमांडिंग ऑफिसर अरविंद सिंह रावत सहित वायुसेना के अन्य अधिकारी और जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।