27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण के साथ निर्धारित समय पर कराए जाएंगे पंचायत चुनाव - दीपिका पांडेय सिंहBy Admin Tue, 07 April 2026 06:35 PM

रांची। झारखंड की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने स्पष्ट किया है कि राज्य में पंचायत चुनाव निर्धारित समय पर ही कराए जाएंगे और इसमें किसी प्रकार की देरी नहीं होगी। उन्होंने कहा कि विभाग पूरी सक्रियता और प्रतिबद्धता के साथ सभी आवश्यक तैयारियों में जुटा हुआ है। मंत्री श्रीमती सिंह ने कहा कि पंचायत चुनाव लोकतंत्र की नींव को मजबूत करने का माध्यम हैं, इसलिए इसकी समयबद्धता सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सभी प्रक्रियाएँ तय समयसीमा में पूरी की जाएँ, ताकि चुनाव में कोई बाधा उत्पन्न न हो।
ओबीसी आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि इस विषय को राज्य सरकार ने गंभीरता से उठाया है और विधानसभा में मजबूती के साथ रखा गया है। राज्य सरकार द्वारा 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा जा चुका है, जिस पर सकारात्मक आश्वासन प्राप्त हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि अगले वर्ष होने वाले पंचायत चुनाव ओबीसी आरक्षण लागू करते हुए ही कराए जाएंगे। इसके लिए ओबीसी आयोग और राज्य चुनाव आयोग से संबंधित सभी प्रक्रियाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिया गया है। कहा कि सरकार सामाजिक न्याय, पारदर्शिता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है, और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि चुनाव समय पर और सुचारु रूप से संपन्न हों।