मैक्लुस्कीगंज में सुबह-सुबह ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में डर का माहौलBy Admin Thu, 09 April 2026 03:30 PM

रांची। मैक्लुस्कीगंज थाना क्षेत्र के मुंडाधौड़ा गांव में गुरुवार की सुबह करीब 6 बजे अज्ञात अपराधियों ने एक घर को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग की। गोली चलने की आवाज सुनते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग डर के मारे घरों से बाहर निकलने से बचते रहे। स्थानीय लोगों के अनुसार अपराधी दो मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव में आए और नसीम खान के घर के बाहर रुककर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। उन्होंने चार से पांच राउंड गोली चलाई और इसके बाद तेजी से मौके से फरार हो गए।

फायरिंग इतनी अचानक हुई कि घर के लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही अपराधी भाग गए। ग्रामीणों ने बताया कि अपराधियों ने धमकी भी दी और कहा कि पैसा नहीं दोगे तो इसी तरह होता रहेगा। इस धमकी के बाद गांव में चर्चा तेज हो गई कि यह मामला रंगदारी मांगने से जुड़ा हो सकता है।

हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और किसी निष्कर्ष पर अभी नहीं पहुंची है। पीड़ित नसीम खान ने बताया कि वे ड्राइवर का काम करते हैं और किसी से बड़ा विवाद नहीं है। उन्होंने कहा कि अचानक हुई घटना से उनका परिवार डर गया है और बच्चों व महिलाओं में भय का माहौल बन गया है। नसीम खान ने पुलिस से अनुरोध किया है कि अपराधियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाए।