सारंडा में नक्सली मिसिर बेसरा के दस्ते से भिड़े जवान, 3 घायलBy Admin Wed, 15 April 2026 06:40 PM

Chaibasa: झारखंड के घने सारंडा जंगल में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच बुधवार को भीषण मुठभेड़ हुई. यह घटना बलिबा क्षेत्र में सामने आई, जहां कुख्यात नक्सली कमांडर मिसिर बेसरा के दस्ते से सुरक्षा बलों का आमना-सामना हो गया. दोनों ओर से कई घंटों तक रुक-रुक कर फायरिंग होती रही.
सूत्रों के अनुसार, नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन, झारखंड जगुआर और जिला पुलिस की संयुक्त टीम सर्च ऑपरेशन पर निकली थी. इसी दौरान जंगल के भीतर नक्सली दस्ता सामने आ गया और मुठभेड़ शुरू हो गई.
इस गोलीबारी में कोबरा बटालियन के तीन जवान घायल हो गए हैं. उन्हें सुरक्षित बाहर निकालकर बेहतर इलाज के लिए रांची लाने की तैयारी की जा रही है. एक जवान के पैर में गोली लगने की बात सामने आई है, हालांकि अधिकारियों की ओर से विस्तृत पुष्टि अभी नहीं की गई है. जवाबी कार्रवाई में नक्सलियों को भी नुकसान पहुंचने की खबर है, लेकिन किसी के मारे जाने या घायल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और अतिरिक्त बलों को भी तैनात किया गया है.
पश्चिम सिंहभूम के एसपी अमित रेणु ने बताया कि ऑपरेशन अभी जारी है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है. गौरतलब है कि सारंडा जंगल लंबे समय से नक्सल गतिविधियों का गढ़ रहा है. ऐसे में यह मुठभेड़ सुरक्षाबलों के ongoing अभियान का हिस्सा मानी जा रही है. फिलहाल सर्च ऑपरेशन जारी है और आगे की जानकारी का इंतजार किया जा रहा है.