रामगढ़ जिले के 15वें उपायुक्त के रूप में ऋतुराज ने किया पदभार ग्रहणBy Admin Sat, 18 April 2026 05:35 PM

रामगढ़: शनिवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा के श्री ऋतुराज ने रामगढ़ जिले के 15वें उपायुक्त के रूप में पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर निवर्तमान उपायुक्त श्री फैज अक अहमद मुमताज ने उन्हें औपचारिक रूप से प्रभार सौंपा।

पदभार ग्रहण के उपरांत उपायुक्त श्री ऋतुराज ने मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत करते हुए कहा कि रामगढ़ जिला पर्यटन एवं संस्कृति के क्षेत्र में अग्रणी रहा है तथा यहां औद्योगिक इकाइयां भी बड़ी संख्या में है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन इन सभी क्षेत्रों में संतुलित एवं समन्वित विकास हेतु कार्य करेगा।

उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शी एवं प्रभावी तरीके से पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। उपायुक्त ने स्वास्थ्य, शिक्षा, आजीविका सृजन (लाइवलीहुड जेनरेशन) एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में विशेष रूप से कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई। उपायुक्त श्री ऋतुराज ने जिले के समग्र विकास के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मियों से समन्वय बनाकर कार्य करने का आह्वान किया।