
Ranchi Rape Case: बरियातू के एक गर्ल्स हॉस्टल में रहकर मास्टर ऑफ डेंटल सर्जरी (MDS) की तैयारी कर रही स्टूडेंट से रेप केस में फरार आरोपी शादाब ने शनिवार को सिविल कोर्ट में सरेंडर कर दिया। पुलिस पिछले चार दिनों से पूरे शहर में उसकी तलाश कर रही थी, लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर अचानक कोर्ट पहुंच गया।
कोर्ट में सरेंडर करने के बाद उसे होटवार की बिरसा मुंडा सेंट्रल जेल भेज दिया गया। पुलिस अब आरोपी के लिए रिमांड एप्लीकेशन फाइल करेगी। रिमांड मिलने के बाद उसे पूछताछ के लिए जेल से वापस लाया जाएगा। लालपुर पुलिस ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है।
पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी शादाब ने अपने दोस्त दानिश के कहने पर ऑनलाइन फ्लैट बुक किया था। स्टूडेंट को बर्थडे पार्टी के बहाने इस फ्लैट में बुलाया गया था।
जांच के मुताबिक, मुख्य आरोपी दानिश 9 अप्रैल की रात स्टूडेंट को बहला-फुसलाकर फ्लैट में ले गया और रेप किया। पीड़िता ने घटना के तीन दिन बाद FIR दर्ज कराई, जिसके बाद दानिश, फहद और ओली को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, फ्लैट बुक करने के बाद सभी आरोपी कैब से लालपुर के वर्धमान कंपाउंड पहुंचे। गोकुल वाटिका की पांचवीं मंजिल पर मौजूद फ्लैट में सबसे पहले शादाब घुसा। इसके बाद दानिश और फहाद चुपके से अंदर घुस गए।
तीनों आरोपियों ने करीब दो घंटे तक पीड़िता के आने का इंतजार किया। आरोपी ओली शाम 5 बजे किसी बहाने से छात्रा को फ्लैट पर ले गया। रात 8 बजे केक काटा और फिर उसे नशीला पदार्थ खिलाकर रेप किया। पुलिस का मानना है कि आरोपियों ने पहले से ऐसी तैयारी कर रखी थी कि अपार्टमेंट में रहने वाले दूसरे लोगों को उनके आने-जाने की भनक तक नहीं लगी।