
झारखंड उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा में धांधली करने की साज़िश रचने मामले में पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है. रांची पुलिस ने इस मामले में गिरफ्तार किए गए गिरोह के पांच मुख्य सरगनाओं और संलिप्त अभ्यर्थियों को पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया है. अदालत के आदेश के बाद सोमवार से आरोपियों की रिमांड अवधि शुरू हो गई है. पुलिस इन आरोपियों से पेपर लीक के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य सफेदपोशों के बारे में सुराग जुटाने की कोशिश करेगी.
मामले के पांच मुख्य मास्टरमाइंड को तीन दिनों की रिमांड पर लिया गया है. इनकी रिमांड अवधि बुधवार को समाप्त होगी. जबकि गिरफ्तार किए गए अभ्यर्थियों को दो दिनों की रिमांड पर भेजा गया है, जिसकी अवधि मंगलवार को पूरी हो जाएगी. पुलिस सूत्रों का कहना है कि रिमांड के दौरान आरोपियों को आमने-सामने बिठाकर पूछताछ की जा सकती है, ताकि यह पता चल सके कि कहां से पूरी साजिश रची गई थी.
74 अभ्यर्थियों की जमानत पर टली सुनवाई:
इसी मामले में गिरफ्तार किए गए 74 अन्य अभ्यर्थियों की जमानत याचिका पर भी सोमवार को सुनवाई होनी थी, हालांकि, इन अभ्यर्थियों को फिलहाल राहत नहीं मिल सकी है. अब इस मामले की अगली सुनवाई 25 अप्रैल को निर्धारित की गई है. तब तक इन अभ्यर्थियों को जेल में ही रहना होगा.
मालूम हो कि उत्पाद सिपाही परीक्षा के दौरान बड़े पैमाने पर धांधली और पेपर लीक की शिकायतें सामने आई थीं. जांच के दौरान पुलिस ने तमाड़ और आसपास के क्षेत्रों से कई लोगों को हिरासत में लिया था, जिसके बाद इस पूरे सिंडिकेट का खुलासा हुआ.