
Ranchi/Jashpur: झारखंड- छत्तीसगढ़ सीमा पर के जशपुर जिले से एक बड़ी विमान दुर्घटना की खबर आ रही है. जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र स्थित रतनपहली जंगल सोमवार में एक एयरक्राफ्ट दुर्घटनाग्रस्त हो गया है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, एयरक्राफ्ट घने जंगल में एक ऊंचे पेड़ से टकराया और सीधे जमीन पर आ गिरा.
खुरासागढ़ा गांव के पास हुई दुर्घटना
यह हादसा जशपुर के खुरासागढ़ा गांव के समीप पहाड़ी इलाके में हुआ है. बताया जा रहा है कि विमान काफी नीचे उड़ान भर रहा था तकनीकी खराबी के कारण वह सीधे पहाड़ी पर स्थित पेड़ों से टकरा गया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि एयरक्राफ्ट के परखच्चे उड़ गए और देखते ही देखते उसमें भीषण आग लग गई.
हादसे का एक भयावह वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पहाड़ियों के बीच से आग की ऊंची लपटें और काला धुआं उठता हुआ दिखाई दे रहा है. जंगल की आग और धुएं को देखकर स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी. घटनास्थल दुर्गम पहाड़ी इलाका होने के कारण वहां तक पहुंचने में टीम को काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है.
प्रशासन और रेस्क्यू टीम रवाना
घटना की गंभीरता को देखते हुए जशपुर के एसएसपी लाल उमेद सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके के लिए रवाना हो चुके हैं. जिला प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य के लिए विशेष टीमें भेजी गई हैं.