
HAJARIBAG : हजारीबाग जिले के बरही मे दिनदहाड़े अज्ञात हथियारबंद अपराधियों ने बैंक लूट की घटना को अंजाम दिया है। इस घटना के बाद पूरे इलाके मे सनसनी फैल गई है। अपराधियों ने फिल्मी अंदाज मे घटना को अंजाम दिया है। शुक्रवार को बरही स्थित हजारीबाग रोड पर स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा में अज्ञात हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े धावा बोलकर एक बड़ी लूट की घटना को अंजाम दिया. शुरुआती जानकारी के अनुसार, अपराधी बैंक से लगभग सात करोड़ रूपया का करीब 40 किलो सोना और पांच लाख रुपये नकद लूटकर फरार होने में कामयाब रहे. सूत्रों के अनुसार, अपराधी ग्राहकों के वेश में बैंक के भीतर दाखिल हुए थे. अंदर घुसते ही उन्होंने हथियार लहराते हुए बैंक कर्मियों और वहां मौजूद ग्राहकों को अपने कब्जे में ले लिया. अपराधियों ने हथियारों के बल पर सभी को एक कोने में बंधक बना लिया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी. इसके बाद, अपराधियों ने बैंक के स्ट्रॉन्ग रूम और कैश काउंटर को निशाना बनाया. बताया जा रहा है कि अपराधी अपने साथ लाए गए बैगों में करीब 40 किलोग्राम सोना और काउंटर पर रखे 5 लाख रुपये भरकर बड़ी आसानी से फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और जिले के वरिष्ठ अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने बैंक को चारों तरफ से सील कर दिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है.