
रांची : ICSE 2026 के घोषित परीक्षा परिणाम में धुर्वा स्थित संत जेवियर्स स्कूल के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 100 प्रतिशत परिणाम हासिल किया है। स्कूल के सभी 42 परीक्षार्थियों ने सफलता प्राप्त कर संत जेवियर स्कूल का नाम रोशन किया। परीक्षा परिणाम घोषित होते ही स्कूल परिसर में खुशी का माहौल देखने को मिला। छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और शिक्षकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर इस उपलब्धि का जश्न मनाया। विद्यार्थियों की इस सफलता ने यह साबित कर दिया है कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और सही मार्गदर्शन के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
इस वर्ष के परीक्षा परिणाम में गायत्री कुमारी ने 96.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं वंदना शेखर ने 95.6 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि अनमोल कुमार 92.6 प्रतिशत अंक के साथ तृतीय स्थान पर रहे।
स्कूल के प्राचार्य सुरोजीत बनर्जी ने विद्यार्थियों की इस सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि यह उपलब्धि छात्रों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के निरंतर मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्राचार्य ने यह भी कहा कि प्रत्येक छात्र में प्रतिभा होती है, जिसे सही दिशा और मेहनत के बल पर निखारा जा सकता है। स्कूल आगे भी छात्रों को बेहतर शिक्षा और मार्गदर्शन प्रदान करता रहेगा।