
झारखंड: झारखंड में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना से जुड़े लाभुकों के लिए बड़ा अभियान शुरू किया गया है। महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के निर्देश पर सभी जिलों में इस योजना के लाभ ले रहे लोगों का भौतिक सत्यापन कराया जा रहा है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि योजना का लाभ सही और पात्र लोगों तक ही पहुंचे।
इसी कड़ी में गुमला जिले में भी सामाजिक सुरक्षा कोषांग ने आदेश जारी कर विशेष अभियान की शुरुआत कर दी है। करीब एक महीने तक चलने वाले इस अभियान के तहत पंचायत स्तर पर टीमें बनाकर लाभुकों के घर-घर जाकर सत्यापन किया जाएगा।प्रशासन के अनुसार, जांच के दौरान जिन लाभुकों को योजना के मानकों के अनुरूप अपात्र पाया जाएगा, उनका नाम सूची से हटाया जाएगा। वहीं जिन लाभुकों का आधार या मोबाइल नंबर अपडेट नहीं है, उनका डेटा एकत्र कर पोर्टल पर अपडेट किया जाएगा, ताकि भविष्य में किसी तरह की परेशानी न हो।
अभियान को सफल बनाने के लिए पंचायत सचिव को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है। उनके साथ जनसेवक, रोजगार सेवक और आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका को भी लगाया गया है, जो ग्राम और पंचायत स्तर पर मिलकर सत्यापन कार्य पूरा करेंगे।
यह अभियान 25 मई तक डोर-टू-डोर चलेगा। जिला प्रशासन ने सभी लाभुकों से अपील की है कि वे समय पर अपना सत्यापन जरूर कराएं और आवश्यक दस्तावेज संबंधित कर्मियों को उपलब्ध कराएं।
अधिकारियों का कहना है कि इस प्रक्रिया से योजना में पारदर्शिता बढ़ेगी और यह सुनिश्चित होगा कि मंईयां सम्मान योजना की राशि सीधे और समय पर सही लाभुकों के बैंक खाते में पहुंचती रहे।