
RANCHI : केन्द्रीय मंत्री और कोडेरमा की सांसद अन्नपूर्णा देवी ने अमृत भारत योजना के तहत स्टेशन विकास परियोजनाओं को लेकर अधिकारियों के साथ अहम बैठक की. यह बैठक कोडरमा स्टेशन के नए गेस्ट हाउस में आयोजित हुई, जिसमें रेलवे और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया. केन्द्रीय मंत्री ने बैठक के पहले कोडेरमा रेल्वे स्टेशन का जायज भी लिया। बैठक का उद्देश्य क्षेत्र के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा करना और आने वाले समय में उन्हें और बेहतर बनाने की रणनीति तैयार करना था. मंत्री ने साफ किया कि यात्रियों को आधुनिक और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और इस दिशा में लगातार काम किया जा रहा है.
यात्री सुविधाओं की समीक्षा और दिशा-निर्देश
बैठक के दौरान अन्नपूर्णा देवी ने कोडरमा लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर उपलब्ध सुविधाओं का विस्तृत आकलन किया. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सुविधाओं में सुधार किया जाए. बैठक में बरकट्ठा विधायक अमित यादव, धनबाद रेल मंडल के डीआरएम और निर्माण कार्य से जुड़े अधिकारी भी मौजूद रहे.
आधुनिक स्टेशन भवन का निर्माण अंतिम चरण में
कोडरमा रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत योजना के तहत नए भवन का निर्माण तेजी से चल रहा है. यह भवन आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा, जिसे एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं के अनुरूप विकसित किया जा रहा है. इसके अलावा इस क्षेत्र से गुजरने वाले फ्रेट कॉरिडोर को लेकर भी निर्माण कार्य प्रस्तावित है, जिससे क्षेत्र में व्यापार और परिवहन को बढ़ावा मिलेगा.
बुनियादी ढांचे के विकास पर जोर
मंत्री ने कहा कि रेलवे के माध्यम से न केवल यात्री सुविधाओं में सुधार किया जा रहा है, बल्कि क्षेत्रीय आधारभूत ढांचे को भी मजबूत किया जा रहा है. कई प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजे गए हैं, जिनमें से कुछ को मंजूरी मिल चुकी है और बाकी पर प्रक्रिया जारी है. अधिकारियों के साथ हुई चर्चा में समस्याओं और संभावनाओं पर विस्तार से विचार किया गया, ताकि आने वाले समय में यात्रियों को बेहतर सेवाएं मिल सकें.