लातेहार पुलिस को बड़ी सफलता- JJMP के दो उग्रवादी असला-बारूद के साथ गिरफ्तार By Admin Wed, 06 May 2026 12:17 PM

Latehar: लातेहार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने JJMP के दो उग्रवादी को हतियार और असला बारूद के साथ गिरफ्तार किया है। लातेहार पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन ड्रैगन 228 के तहत यह सफलता मिली है। जिले के एसपी कुमार गौरव के निर्देश पर पुलिस ने यह कार्रवाई कर सफलता पाई है। बुधवार को एसपी कुमार गौरव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए बताया कि जिले के कुरुमखेता जंगली क्षेत्रों में किसी बड़ी नक्सली घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे प्रतिबंधित नक्सली संगठन जेजेएमपी के मंसूबों पर पुलिस के द्वारा पानी फेर दिया गया. इस दौरान पुलिस टीम ने मनोज लोहरा और महादेव सिंह नाम के दो उग्रवादी को गिरफ्तार किया है. इन उग्रवादियों के पास से दो एसएलआर रायफल और एक एके- 47 राइफल समेत भारी मात्रा में कारतूस बरामद किया गया है. एसपी कुमार गौरव को गुप्त सूचना मिली थी कि जेजेएमपी का मुख्य सरगना शंकर राम अपने दस्ते के साथ कुरुमखेता के जंगलों में देखा गया है और वह किसी बड़ी हिंसक वारदात की साजिश रच रहा है. सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया. टीम ने जैसे ही कुरुमखेता जंगल में सघन तलाशी अभियान शुरू किया, वहां पहले से मौजूद उग्रवादी पुलिस को देखते ही भागने लगे. सशस्त्र बल ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और खदेड़कर दो उग्रवादियों को धर दबोचा, हालांकि, उग्रवादी शंकर राम और उसके कुछ अन्य साथी घने जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे. एसपी ने स्पष्ट किया है कि फरार उग्रवादी शंकर राम और उसके दस्ते के खिलाफ छापामारी अभियान जारी रहेगा. क्षेत्र में शांति भंग करने वाले किसी भी नक्सली संगठन को बख्शा नहीं जाएगा.