लातेहार में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, JJMP के दो उग्रवादी हथियारों के साथ गिरफ्तारBy Admin Wed, 06 May 2026 12:30 PM

लातेहार: जिले में पुलिस को एक अहम सफलता हाथ लगी है। प्रतिबंधित नक्सली संगठन जेजेएमपी (JJMP) के दो उग्रवादियों को हथियार और भारी मात्रा में असला-बारूद के साथ गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई लातेहार पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन ड्रैगन 228” के तहत की गई।

जिले के एसपी कुमार गौरव के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने यह ऑपरेशन अंजाम दिया। बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी ने बताया कि कुरुमखेता के जंगली इलाके में जेजेएमपी के उग्रवादी किसी बड़ी नक्सली घटना की साजिश रच रहे थे, जिसे पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मनोज लोहरा और महादेव सिंह नामक दो उग्रवादियों को गिरफ्तार किया। इनके पास से दो एसएलआर राइफल, एक एके-47 राइफल और बड़ी संख्या में कारतूस बरामद किए गए हैं।

एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि जेजेएमपी का मुख्य सरगना शंकर राम अपने दस्ते के साथ कुरुमखेता के जंगलों में मौजूद है और किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत विशेष टीम बनाकर इलाके में सघन तलाशी अभियान शुरू किया।

तलाशी के दौरान जंगल में मौजूद उग्रवादी पुलिस को देखते ही भागने लगे। सुरक्षाबलों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की और पीछा कर दो उग्रवादियों को पकड़ लिया। हालांकि, मुख्य सरगना शंकर राम और उसके कुछ साथी घने जंगल का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे।

एसपी कुमार गौरव ने स्पष्ट किया है कि फरार उग्रवादियों की तलाश में छापेमारी अभियान लगातार जारी रहेगा और क्षेत्र में शांति भंग करने की कोशिश करने वाले किसी भी नक्सली संगठन को बख्शा नहीं जाएगा।