जैक इंटर 2026 का रिजल्ट जारी, तीनों संकायों में छात्रों का शानदार प्रदर्शनBy Admin Wed, 06 May 2026 06:58 PM

रांची: झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने बुधवार को इंटरमीडिएट (12वीं) परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया। इस वर्ष आर्ट्स, साइंस और कॉमर्स—तीनों संकायों में छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिससे पूरे राज्य में खुशी का माहौल देखने को मिला।

जारी परिणाम के अनुसार, आर्ट्स संकाय में सबसे अधिक 96.14 प्रतिशत विद्यार्थी सफल रहे। कॉमर्स में 93.37 प्रतिशत और साइंस में 82.92 प्रतिशत छात्रों ने परीक्षा पास की।

आर्ट्स में छोटी कुमार ने 478 अंक लाकर राज्य में पहला स्थान हासिल किया। अंकित कुमार 474 अंकों के साथ दूसरे और अंशु कुमारी 473 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

कॉमर्स संकाय में स्वेता प्रसाद ने 478 अंक प्राप्त कर टॉप किया। वह योगोदा सत्संग इंटरमीडिएट महाविद्यालय की छात्रा हैं। कृष कुमार बरनवाल 472 अंकों के साथ दूसरे और प्रियंशी खत्री 471 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

साइंस में रशीदा नाज ने 489 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। वह DAV +2 पाथरडीह की छात्रा हैं। मो. फैजान आलम 483 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि आकांक्षा कुमारी और सना आफरीन ने 481 अंक के साथ संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया।

परिणाम घोषित होने के बाद राज्यभर के स्कूलों और कॉलेजों में उत्साह का माहौल रहा और सफल विद्यार्थियों को सभी ने बधाई दी।