
देवघर: नगर थाना क्षेत्र के बुद्धासाह लेन स्थित शिवम अलंकार ज्वेलर्स में हुई लूटकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई नकदी का कुछ हिस्सा, वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 3 मई 2026 को दोपहर करीब 2:30 बजे हुई थी। आरोपियों ने दुकान का शटर गिराकर दुकानदार को धमकाया और जबरन लॉकर की चाबी छीन ली। इसके बाद लॉकर खोलकर करीब 80 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।
घटना के बाद नगर थाना में मामला दर्ज किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष जांच टीम का गठन किया गया। लगातार छापेमारी और तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने 6 मई की देर रात नंदन पहाड़ इलाके में कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करणीबाग के जागृति नगर निवासी प्रशांत कुमार झा, बावनबीघा के अंबे गार्डन निवासी दिव्यांश रंजन झा उर्फ दिव्यांश झा और करणीबाग के देवन बाबा गली निवासी सौरभ कुमार के रूप में हुई है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने प्रशांत कुमार झा के पास से 3,100 रुपये नकद बरामद किए। वहीं दिव्यांश झा के पास से 3,800 रुपये और लूट में इस्तेमाल की गई लाल रंग की हीरो एक्सट्रीम बाइक (नंबर JH-09Y-3530) जब्त की गई। सौरभ कुमार के पास से 3,200 रुपये नकद और एक ओप्पो एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुआ।
छापेमारी टीम में नगर थाना प्रभारी मुकेश कुमार, मुकेश कुमार तिवारी, घनश्याम गांझू, सुमंत प्रसाद, ओमप्रकाश सिंह और सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल थे। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।