झारखंड में मौसम का मिजाज बदलेगा, एक हफ्ते तक बारिश और तेज हवाओं का अलर्टBy Admin Sat, 09 May 2026 03:24 PM

जमशेदपुर: झारखंड में आने वाले दिनों में मौसम लगातार बदला-बदला रहने वाला है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 9 मई से 15 मई तक राज्यभर में गरज-चमक, बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।

मौसम विभाग ने खास तौर पर मध्य झारखंड के जिलों — हजारीबाग, बोकारो, रामगढ़, रांची, कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद और खूंटी — के लिए 9 मई को विशेष अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में तेज आंधी और वज्रपात की गतिविधियां ज्यादा असर दिखा सकती हैं।

विभाग के अनुसार, राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले कई दिनों तक रुक-रुक कर बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। हालांकि 11, 14 और 15 मई को उत्तर-पश्चिमी झारखंड के कुछ इलाकों में मौसम का असर अपेाकृत कम रहने की संभावना है।

मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि पूर्वी मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में बना ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण इस बदलाव की बड़ी वजह है। इसके अलावा पूर्वी राजस्थान से होते हुए मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और पूर्वी झारखंड तक फैली ट्रफ लाइन वातावरण में अस्थिरता बढ़ा रही है, जिससे आंधी-बारिश की स्थिति बन रही है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें। बिजली कड़कने के समय पेड़ों के नीचे खड़े होने या खुले मैदान में जाने से बचें और मौसम विभाग की आधिकारिक सूचनाओं पर नजर बनाए रखें, क्योंकि मौसम तेजी से बदल सकता है।