
देवघर: ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा बैठक शनिवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी शशि प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिले में चल रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रखंडवार समीक्षा की गई और लंबित योजनाओं को जल्द पूरा करने का निर्देश अधिकारियों को दिया गया।
ग्रामीण विकास योजनाओं की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को कार्यशैली में सुधार लाने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने लाभुकों का ई-केवाईसी अभियान मोड में शत-प्रतिशत पूरा करने और लंबित जियो टैगिंग कार्यों को तुरंत समाप्त करने का निर्देश दिया, ताकि भुगतान प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा न आए।
समीक्षा के दौरान अबुआ आवास योजना, बाबा साहेब अंबेडकर आवास योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना के अधूरे आवासों को तेजी से पूरा करने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण, खेल मैदान, शेड, गार्ड वॉल, सोख्ता निर्माण और ग्रामीण सड़क योजनाओं की भी विस्तार से समीक्षा हुई।
उपायुक्त ने पीएम जनमन योजना, डाकिया योजना, बिरसा सिंचाई कूप संवर्धन योजना, दीदी बाड़ी योजना, कुआं निर्माण, जेएसएलपीएस और आम बागवानी योजनाओं की प्रगति की भी जानकारी ली। योजनाओं में देरी को लेकर संबंधित अधिकारियों और कर्मियों से जवाब-तलब किया गया। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने और वेतन रोकने तक के निर्देश दिए गए।
केवल कागजों पर नहीं चलेगा विकास कार्य
जमीनी स्तर पर योजनाओं की खराब स्थिति पर असंतोष जताते हुए उपायुक्त ने सभी बीडीओ और अभियंताओं को नियमित रूप से फील्ड विजिट कर कार्यों की निगरानी करने का निर्देश दिया। उन्होंने साफ कहा कि विकास कार्यों का आकलन सिर्फ कार्यालयी रिपोर्ट के आधार पर नहीं होगा और किसी भी तरह की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गर्मी को देखते हुए पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने का आदेश
गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए उपायुक्त ने जिले के सभी 10 प्रखंडों में पेयजल आपूर्ति सुचारू रखने का निर्देश दिया। खराब पड़े चापाकलों की तत्काल मरम्मत, सूखा प्रभावित क्षेत्रों में टैंकर से पानी पहुंचाने और बंद पड़े सोलर जलमीनारों को चालू कराने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, डीआरडीए निदेशक, जिला कृषि पदाधिकारी, सभी बीडीओ, अभियंता, बीपीओ, प्रखंड समन्वयक, जेएसएलपीएस टीम सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।