
देवघर: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी शशि प्रकाश सिंह ने शुक्रवार को पुनासी जलाशय योजना एवं देवघर शहरी जलापूर्ति योजना का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परियोजना के तहत पूर्ण हो चुके एवं प्रगति पर चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की वस्तुस्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने जलाशय की सुरक्षा व्यवस्था, डैम में मौजूद पानी के वर्तमान स्तर तथा गेट संचालन प्रणाली का बारीकी से अवलोकन किया। वहीं देवघर शहरवासियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित शहरी जलापूर्ति योजना की धीमी प्रगति पर उन्होंने असंतोष जताते हुए संबंधित एजेंसी और विभागीय अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने का सख्त निर्देश दिया।
इसके अलावा उपायुक्त ने पुनासी परियोजना से प्रभावित विस्थापित परिवारों के लिए निर्मित पुनर्वास कॉलोनी का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कॉलोनी में उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं, आवासीय व्यवस्था और रख-रखाव की स्थिति की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान संबंधित अभियंता एवं विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे।