रजरप्पा मंदिर के प्रस्तावित पुनर्विकास कार्यों को लेकर उपायुक्त ने किया स्थल निरीक्षण, संबंधित अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देशBy Admin Sat, 09 May 2026 08:06 PM

रामगढ़: शनिवार को उपायुक्त, रामगढ़ श्री ऋतुराज के द्वारा रामगढ़ जिला अंतर्गत चितरपुर प्रखंड स्थित मां छिन्नमस्तिका सिद्ध पीठ रजरप्पा मंदिर का दौरा किया गया। यह दौरा रजरप्पा मंदिर के प्रस्तावित पुनर्विकास (Redevelopment) कार्यों के संबंध में किया गया। इस दौरान उपस्थित सदस्यों के साथ रजरप्पा मंदिर परिसर में प्रस्तावित विकास योजनाओं की रूपरेखा साझा करते हुए आने वाले समय में किए जाने वाले कार्यों पर विस्तार से चर्चा की।सदस्यों द्वारा विभिन्न समस्याएं एवं सुझाव भी रखे गए, जिन्हें उपायुक्त ने गंभीरतापूर्वक सुना तथा उनके यथोचित निराकरण हेतु आवश्यक आश्वासन दिया।

उपायुक्त ने रजरप्पा मंदिर परिसर का विस्तृत स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रस्तावित बस स्टैंड, प्रवेश द्वार (एंट्री गेट), निकास द्वार (एग्जिट गेट), घाट निर्माण, दुकानों के निर्माण सहित अन्य आधारभूत संरचनाओं के लिए चिन्हित स्थलों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उपायुक्त ने स्पष्ट रूप से कहा कि रजरप्पा मंदिर के पुनर्विकास कार्य को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए किया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर योजनाओं को मूर्त रूप देने का निर्देश दिया।

माननीय उच्च न्यायालय झारखंड द्वारा पारित आदेश के आलोक में रजरप्पा मंदिर परिसर से अतिक्रमण हटाया गया है जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि जिन दुकानों को हटाया गया है उन्हें खाली जगहों पर स्थापित किया जाए इसके लिए जगह चिंहितिकरण का कार्य किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि रजरप्पा मंदिर झारखंड का एक प्रमुख आस्था केंद्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में मंदिर परिसर के समुचित विकास, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा एवं बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि पुनर्विकास योजना के तहत सभी आवश्यक पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्य किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

निरीक्षण के दौरान मुख्य रूप से अनुमण्डल पदाधिकारी रामगढ़ श्री अनुराग कुमार तिवारी,​ प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा, अंचल अधिकारी चितरपुर सहित अन्य उपस्थित थे ।