
बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत पतरातू प्रखंड में विगत कई दिनों से हुई ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों की समस्याओं को सुन विधायक रोशन लाल चौधरी ने शुक्रवार को लादी, चिकोर, निम्मी, सांकी, पाली एवं अरमादाग गांवों का दौरा कर नुकसान का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने किसानों के खेतों में पहुंचकर बर्बाद हुई फसलों का निरीक्षण किया तथा किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। विधायक ने कहा कि किसान देश और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं तथा उनकी आजीविका का मुख्य आधार कृषि है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा के रूप में हुई ओलावृष्टि से क्षेत्र के किसानों को भारी नुकसान हुआ है। टमाटर, फूलगोभी, तरबूज, खीरा, हरी मिर्च, कद्दू और भिंडी समेत कई सब्जी फसलें पूरी तरह प्रभावित हुई हैं, जिससे किसानों के समक्ष आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है।
मौके पर मौजूद प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं प्रखंड कृषि पदाधिकारी को निर्देश देते हुए विधायक ने कहा कि पतरातू प्रखंड के सभी प्रभावित गांवों का शीघ्र सर्वे कराया जाए तथा किसानों को जल्द से जल्द मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया पूरी कर रिपोर्ट अंचल अधिकारी एवं जिला उपायुक्त को सौंपी जाए, ताकि किसानों को समय पर राहत मिल सके।
विधायक रोशन लाल चौधरी ने कहा कि इस कठिन समय में वह किसानों के साथ मजबूती से खड़े हैं तथा किसानों की हर समस्या के समाधान और उन्हें उचित सहायता दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
दौरे के दौरान पतरातू प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार गुप्ता, आजसू पार्टी जिला अध्यक्ष दिलीप दांगी, भाजपा भदानीनगर मंडल अध्यक्ष सोनू कुमार शौर्य, सांसद प्रतिनिधि सुरेंद्र करमाली, मंडल महामंत्री राजेंद्र मुंडा, प्रखंड कृषि पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा, अंचल राजस्व कर्मचारी, हिमांशु त्रिपाठी, जगमोहन बेदिया, दीपक सिंह, रामनाथ बेदिया, विजय यादव, कृष्णा कुमार समेत बड़ी संख्या में किसान एवं ग्रामीण उपस्थित थे।