रनिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में अवैध डोडा से लदा ट्रक जब्तBy Admin Sun, 10 May 2026 01:03 PM

खूंटी: झारखंड के खूंटी जिले में नवनियुक्त एसपी ऋषभ गर्ग के नेतृत्व में अपराध और अवैध तस्करी के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में रनिया थाना पुलिस ने अवैध डोडा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए भारी मात्रा में डोडा से लदे एक ट्रक को जब्त किया है। यह कार्रवाई रनिया थाना क्षेत्र के भालूटोली गांव के समीप खूंटी-कोलेबिरा स्टेट हाईवे-3 पर की गई।

जानकारी के अनुसार, रनिया थाना प्रभारी श्यामल कुम्भकार को गुप्त सूचना मिली थी कि एक ट्रक के माध्यम से भारी मात्रा में अवैध डोडा की खेप बाहर भेजी जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने देर रात से हाईवे पर विशेष वाहन जांच अभियान शुरू कर दिया। जांच के दौरान सुबह करीब 3 बजे यूपी नंबर का एक संदिग्ध ट्रक हाईवे से गुजरता दिखाई दिया।

पुलिस ने ट्रक को रोककर जब तलाशी ली, तो उसमें मवेशियों के चारे और चोकर के बोरों के नीचे बड़ी मात्रा में डोडा छिपाकर रखा गया था। हालांकि, पुलिस कार्रवाई के दौरान ट्रक में सवार चालक समेत चारों तस्कर मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए।

पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार तस्करों की गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में लगातार छापेमारी की जा रही है।

मामले को लेकर तोरपा डीएसपी क्रिस्टोफर केरकेट्टा ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध तस्करी और अपराध के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी हाल में तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा।