
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर के एक संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। बर्मामाइंस थाना कांड संख्या-20/26 के तहत हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 175 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसका कुल वजन 26.84 ग्राम बताया गया है। पुलिस के मुताबिक बरामद मादक पदार्थ की कीमत करीब 3.50 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, 9 मई 2026 की शाम वरीय पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के गांधी नगर बस्ती में संतोष सिंह नामक व्यक्ति अपने घर से ब्राउन शुगर का धंधा चला रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक नगर और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (मु-01) के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने जब संतोष सिंह के घर पर छापा मारा तो वहां से 124 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई। मौके से संतोष सिंह और उसकी दूसरी पत्नी आयशा खातून उर्फ बिल्लो को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के बाद पुलिस ने सप्लाई नेटवर्क की कड़ियां जोड़ते हुए गोविंदपुर इलाके से गौरव कुमार उर्फ अमर और अमित कुमार को भी गिरफ्तार किया। इनके पास से क्रमशः 20 और 19 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई।
इसके बाद पुलिस ने मानगो क्षेत्र के कथित मुख्य पेडलर संजय गोस्वामी उर्फ संजय बंगाली को भी गिरफ्तार किया, जिसके पास से 12 पुड़िया ब्राउन शुगर मिली। पुलिस का दावा है कि यह गिरोह लंबे समय से शहर और आसपास के इलाकों में नशे की सप्लाई कर रहा था और इसका नेटवर्क अंतरजिला स्तर तक फैला हुआ था।
जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। मुख्य आरोपी संतोष सिंह पर बर्मामाइंस थाना में कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वहीं गौरव कुमार और संजय गोस्वामी पर भी एनडीपीएस एक्ट समेत अन्य धाराओं में केस चल रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, हाल ही में सरायकेला जिले में करीब 16.50 लाख रुपये की ब्राउन शुगर बरामद हुई थी। शुरुआती जांच में उस मामले के तार भी इसी नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस इस कार्रवाई को नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता मान रही है। फिलहाल पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है और पुलिस सिंडिकेट की जड़ तक पहुंचने की कोशिश में जुटी हुई है।